चुनाव वाले दिन नहीं होंगी कानपुर यूनीवर्सिटी की सेमेस्टर परिक्षाएं, डिग्री कालेजों के प्राचार्यों से मांगे सुझाव

डिग्री कालेजों के प्राचार्यों के साथ हुई ऑनलाइन बैठक में विवि प्रशासन ने फरवरी में हो रही सेमेस्टर परीक्षाओं को पूरी तरह से नकल विहीन करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने कहा है कि चुनाव तिथि पर परीक्षाएं नहीं होंगी।

By Abhishek VermaEdited By: Publish:Sun, 23 Jan 2022 05:32 PM (IST) Updated:Sun, 23 Jan 2022 05:32 PM (IST)
चुनाव वाले दिन नहीं होंगी कानपुर यूनीवर्सिटी की सेमेस्टर परिक्षाएं, डिग्री कालेजों के प्राचार्यों से मांगे सुझाव
चुनाव वाले दिन नहीं होंगी कानपुर यूनीवर्सिटी की सेमेस्टर परिक्षाएं।

कानपुर, जागरण संवाददाता। सीएसजेएमयू की ओर से बीए, बीएससी, बीकाम व अन्य कोर्सों की सेमेस्टर परीक्षाएं एक फरवरी से आयोजित हो रही हैं। इसमें नकल रोकने के लिए विवि प्रशासन ने मंडल के कई डिग्री कालेजों के प्राचार्यों से सुझाव मांगे हैं। इस संबंध में विवि प्रशासन ने डिग्री कालेजों के प्राचार्यों के साथ आनलाइन बैठक की। महाविद्यालय विकास परिषद के निदेशक डा. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिन तारीखों में मतदान हैं, उन दिनों परीक्षाएं नहीं होंगी। प्राचार्यों से परीक्षा के निमित्त तैयार रहने के लिए कहा गया है, ताकि एक फरवरी से परीक्षा कार्यक्रम शुरू कराया जा सके।

कुछ प्राचार्यों ने मांग की है कि उनके कालेजों के शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में न लगवाने के लिए जिला प्रशासन से वार्ता की जाए। एक प्राचार्य ने सभी जिलों में परीक्षा कंट्रोल रूम बनाने का भी सुझाव दिया। वहीं एक प्राचार्य ने कहा कि 30 जनवरी तक कालेज बंद हैं, ऐसे में परीक्षा की तैयारी पूरी करने में दिक्कत हो सकती है। विवि प्रशासन ने कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कर्मचारियों को बुलाकर तैयारी करने के लिए कहा है। बैठक में अर्मापुर पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार सिंह, डीजी कालेज की प्राचार्य डॉ. सुनंदा दुबे, ब्रह्मावर्त कालेज के प्राचार्य डा. वीके कटियार और कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, उन्नाव व कानपुर देहात के 13 कालेजों के प्राचार्य थे।

chat bot
आपका साथी