रांची दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की बोगी का पाइप टूटा, स्टेशन मास्टर समेत दो घायल

झींझक स्टेशन पर शुक्रवार सुबह हुआ हादसा, दस मिनट तक खड़ी रही ट्रेन।

By AbhishekEdited By: Publish:Fri, 16 Nov 2018 02:27 PM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2018 05:19 PM (IST)
रांची दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की बोगी का पाइप टूटा, स्टेशन मास्टर समेत दो घायल
रांची दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की बोगी का पाइप टूटा, स्टेशन मास्टर समेत दो घायल

कानपुर, जेएनएन। रांची दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की एक बोगी के शौचालय का पाइप टूटकर गिरने से ड्यूटी कर रहे स्टेशन मास्टर व पोर्टर घायल हो गए। स्टेशन मास्टर की सूचना पर चालक ने ट्रेन को एडवांस सिग्नल के पास रोक लिया और बोगी के निरीक्षण के बाद ट्रेन को रवाना किया। स्टेशन मास्टर व पोर्टर को उपचार हेतु लोको अस्पताल भेजा गया है।

शुक्रवार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर अप की 12453 रांची दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस कानपुर देहात का झींझक रेलवे स्टेशन क्रास रही थी। ड्यूटी पर मौजूद स्टेशन मास्टर राजेंद्र मीणा तथा पोर्टर संजय शुक्ला झंडी दिखा रहे थे। तभी पीछे से तीसरी बोगी के शौचालय से टूटा पाइप स्टेशन मास्टर को जा लगा, जबकि लोहे का हुक पोर्टर संजय शुक्ला के पैरों मे जा लगा, जिससे दोनो घायल हो गए।

स्टेशन मास्टर ने वाकीटाकी से सूचना ट्रेन के चालक को दी। चालक ने आपात कालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को एडवांस सिग्नल पर 7 बजकर 6 मिनट पर रोक लिया और निरीक्षण कर ट्रेन को 7 बजकर 16 मिनट पर रवाना किया। घायल स्टेशन मास्टर व पोर्टर को लोको अस्पताल कानपुर भेजा गया है। स्टेशन अधीक्षक झींझक वेद प्रकाश ने बताया की राची दिल्ली राजधानी से पाइप टूट कर स्टेशन मास्टर व पोर्टर के लगने से दोनों घायल हो गए। दोनों को लोको अस्पताल भेजा गया है। इस बीच 10 मिनट ट्रेन खड़ी रही थी। 

chat bot
आपका साथी