कानपुर में सीजीएसटी टीम का दो एल्युमीनियम फैक्ट्रियों में छापा, 2.45 करोड़ का माल सीज

फैक्ट्रियों में एल्युमीनियम स्क्रैप से चैनल आदि तैयार कर बेचा जा रहा था।

By AbhishekEdited By: Publish:Tue, 21 May 2019 06:05 PM (IST) Updated:Tue, 21 May 2019 06:05 PM (IST)
कानपुर में सीजीएसटी टीम का दो एल्युमीनियम फैक्ट्रियों में छापा, 2.45 करोड़ का माल सीज
कानपुर में सीजीएसटी टीम का दो एल्युमीनियम फैक्ट्रियों में छापा, 2.45 करोड़ का माल सीज

कानपुर, जेएनएन। केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर के अधिकारियों ने दादानगर स्थित दो एल्युमीनियम फैक्ट्रियों व गोदामों में छापा मारा। यहां पर अभिलेखों की जांच के बाद करीब 2.45 करोड़ रुपये का माल सीज कर दिया। दोनों फैक्ट्रियों में एल्युमीनियम स्क्रैप से चैनल आदि बनाकर आपूर्ति की जा रही थी, इसमें टैक्स अदा नहीं किया जा रहा था।

केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर विभाग में आयुक्त शिव कुमार शर्मा ने जानकारी मिलने पर संयुक्त आयुक्त रुद्र प्रताप सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिये। सहायक आयुक्त आदित्य कुचार व केंद्रीय निवारक शाखा के सदस्यों ने चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दादानगर स्थित एल्युमीनियम फैक्ट्रियों में छापा मारने पर सामने आया कि स्क्रैप से एक्स्ट्रुजन व चैनल बनाने के बाद अपने ही व्यापारिक प्रतिष्ठान के माध्यम से बेचा जा रहा था। माल के आवागमन के दौरान कोई इनवॉइस नहीं बनाई जाती थी। साथ ही किसी भी प्रतिष्ठान में स्टॉक रजिस्टर या खऱीद-बिक्री के बिल भी नहीं मिले। सीजीएसटी अधिकारियों ने लगभग 140 टन माल को कब्जे में लेकर सीज कर दिया, जिसकी कीमत करीब 2.45 करोड़ रुपये बताई गई है।

अधिकारियों की मानें तो फैक्ट्रियों के संचालकों पर लगभग 44.10 लाख की कर देयता बनती है। दोष सिद्ध होने पर करदाता को करदेयता के बराबर जुर्माना भी अदा करना पड़ सकता है। टीम में अधीक्षक हिमांशु श्रीवास्तव, विवेक गुप्त, उमेश शुक्ल, निरीक्षक संतोष शर्मा, अतुल निगम, राकेश कटियार, रीतेश श्रीवास्तव, अमित कुमार, रवीन्द्र यादव, पीयूष कुमार, अखिल कुशवाहा, आशीष पाण्डेय, गीता अमरजीत और संगीता कुमारी शामिल रहीं।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी