सैफई की होली में अखिलेश बोले - सपा कार्यकर्ताओं को नहीं है Coronavirus से डर

होली कार्यक्रम के मच से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा-नागरिकता संशोधन कानून हर गरीब के खिलाफ है।

By AbhishekEdited By: Publish:Wed, 11 Mar 2020 03:58 PM (IST) Updated:Thu, 12 Mar 2020 09:21 AM (IST)
सैफई की होली में अखिलेश बोले - सपा कार्यकर्ताओं को नहीं है Coronavirus से डर
सैफई की होली में अखिलेश बोले - सपा कार्यकर्ताओं को नहीं है Coronavirus से डर

इटावा, जेएनएन। सैफई में इस बार होली अलग अंदाज में दिखाई दी, मुलायम परिवार जब एक मंच पर नजर आया तो सियासी हलचलें भी बढ़ गईं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून को हर गरीब के खिलाफ बताया और भाजपा से रामराज को लेकर सवाल भी किया। कोरोना वायरस पर कहा कि समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता किसी वायरस से नहीं डरता है।

कोरोना से डरने की बजाय बचाव करें

सैफई में आयोजित होली कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सबसे पहले सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को धन्यवाद दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भारत विश्व का वह देश है जहां तमाम भाषाएं, तमाम धर्म और तमाम जातियों के लोग एक साथ रहते हैं और एक साथ त्योहार मनाते हैं। हमें वो रास्ता बनाना चाहिए जिससे सभी को रोजगार, नौकरी मिल सके। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक वायरस के कारण लोग एक दूसरे से मिल नहीं रहे हैं, होली नहीं मना रहे हैं, लेकिन समाजवादी कार्यकर्ता किसी वायरस से नहीं डरता है। इसलिए आज इतनी बड़ी संख्या में सब लोग इक_ा होकर होली मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से डरने के बजाय बचाव करना चाहिए यह वो बीमारी है जो 100 से ज्यादा देशों में फैली है।

भाजपा से किया सवाल-क्या है रामराज

प्रदेश की योगी सरकार पर प्रहार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में डायल 100 मिलाने पर पुलिस आ जाती थी और मदद करती थी आज हालत यह है कि पुलिस आती है और कुछ न कुछ लेकर चली जाती है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि आखिर रामराज क्या है, रामराजय कब माना जाएगा। कहा, समाजवाद को लाना ही रामराज को जाने वाला रास्ता है। उन्होंने नाराजगी भरे लहजे में कहा नागरिकता संशोधन कानून गरीबों के खिलाफ है। किसी भी गरीब के पास कागज नहीं है, जिससे वह नागरिकता का प्रमाण दे सके। प्रदेश सरकार द्वारा आजम खां को फसाने की निंदा करते हुए अखिलेश ने कहा कि न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है कि आजम खां को न्याय मिलेगा। उनपर तमाम फर्जी मुकदमे गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

मुख्यमंत्री नहीं कर रहे अपना प्रिय काम

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना प्रिय काम नहीं कर पा रहे हैं, उनका प्रिय कार्य गोसेवा है लेकिन प्रदेश में गायों को नहीं बचा पा रहे हैं। गंगा को मां जरूर कहते हैं लेकिन गंगा को साफ नहीं कर पा रहे हैं। किसान की आय दोगुनी के बजाय आधी हो गई। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में एक्सप्रेसवे के किनारे मंडी बनाने का काम किया था लेकिन भाजपा सरकार में काम रोक दिया गया। अगर मंडी बनी होती तो किसानों को अपने फल व सब्जी का बढिय़ा दाम मिलते।

कहा, देश की जनता को सबसे ज्यादा भरोसा बैंक पर था, जिसमें वह अपनी बचत जमा करके सुरक्षित मानते थे लेकिन अब बैंकों पर से ही विश्वास उठ रहा है। पहले हम से खाता खुलवाया गया उसके बाद नोटबंदी की गई और हमारा पैसा जमा करवा लिया गया। उसके बाद वही पैसा उधार दे दिया गया, जो बाद में लेकर भाग गए।

chat bot
आपका साथी