गुजरात भी हुआ नजदीक, यात्रियों ने 2 घंटे 20 मिनट में पूरा किया 1091 किमी का सफर Kanpur News

दोपहर 2.40 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरी अहमदाबाद से आई पहली फ्लाइट विमान यात्रियों की खुशी का नहीं था ठिकाना।

By AbhishekEdited By: Publish:Wed, 25 Sep 2019 11:54 PM (IST) Updated:Thu, 26 Sep 2019 08:07 AM (IST)
गुजरात भी हुआ नजदीक, यात्रियों ने 2 घंटे 20 मिनट में पूरा किया 1091 किमी का सफर Kanpur News
गुजरात भी हुआ नजदीक, यात्रियों ने 2 घंटे 20 मिनट में पूरा किया 1091 किमी का सफर Kanpur News

कानपुर, जेएनएन। अहिरवां एयरपोर्ट चकेरी पर जैसे ही दोपहर के 2:40 बजे, अधिकारियों की निगाहें आसमान पर जा टिकीं। कुछ ही पलों में अहमदाबाद से आने वाला विमान दिखा तो तालियां बजाकर अफसरों ने विमान का स्वागत किया। तय समय पर विमान एयरपोर्ट पर उतरा तो एयरपोर्ट डायरेक्टर स्वयं यात्रियों को लेकर बाहर निकले। अहमदाबाद से कानपुर का 1091 किमी का सफर महज 2.20 घंटे में पूरा करने पर खुश यात्री बोले दिल्ली और मुंबई के बाद अब गुजरात भी दूर नहीं रहा।

अहमदाबाद से कानपुर के लिए बुधवार को पहली फ्लाइट यात्रियों को लेकर चकेरी एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट से बाहर निकले यात्री खुश थे। अहमदाबाद के मुटेरा में रहने वाली अचला पटेल अपने पति फणींद्र कुमार के साथ कानपुर पहुंची थी। बोलीं, इटावा में मायका है। बीमार मां को देखने जा रहे हैं। इससे पहले जब भी मायके गईं, ट्रेन से ही जाना पड़ा। फ्लाइट शुरू होने पर उन्होंने खुशी जताई। स्वरूप नगर में रहने वाली डॉ. विधू ने बताया कि बेटी आइआइटी गांधीनगर में पढ़ती है।

उससे मिलने अक्सर जाना होता है। चार दिन पहले पति वहां से वाया दिल्ली कानपुर आए जिसमें वक्त भी बर्बाद हुआ और समय भी काफी लगा। अब बेटी से मिलने जाना आसान होगा। अहमदाबाद के लिए शुरू हुई फ्लाइट से सबसे ज्यादा खुशी तिलक नगर में रहने वाले देसाई परिवार को थी। अपने पति दिलीप देसाई को व्हीलचेयर पर लेकर बाहर आईं छाया देसाई ने बताया कि गुजरात में उनका मायका है इसलिए अक्सर जाना होता है। पहले घर पहुंचने में घंटो लगते थे अब दो घंटे में पहुंच जाएंगे। बेटी प्रीति ने कहा दिल्ली और मुंबई के बाद अब गुजरात भी दूर नहीं रहा।

तय समय पर विमान ने भरी उड़ान

अहिरवां एयरपोर्ट से विमान ने तय समय 3:10 बजे उड़ान भरी। यहां से 35 यात्रियों को लेकर विमान अहमदाबाद के लिए उड़ा। 78 सीटर इस विमान में पहले दिन अहमदाबाद से 25 यात्री कानपुर आए थे। विमान कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक पहला दिन होने के चलते यात्रियों की संख्या कम हो सकती है। आने वाले दिनों में अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद है। 

chat bot
आपका साथी