धान खरीद ठप, मौसम खुलने का इंतजार

जागरण संवाददाता कन्नौज पांच दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से धान खरीद बंद हो गई है

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 Jan 2022 05:09 PM (IST) Updated:Mon, 10 Jan 2022 05:19 PM (IST)
धान खरीद ठप, मौसम खुलने का इंतजार
धान खरीद ठप, मौसम खुलने का इंतजार

जागरण संवाददाता, कन्नौज : पांच दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से धान खरीद बंद हो गई है। साथ ही केंद्र पर लगे धान के बोरे लापरवाही के कारण भीग रहे हैं। अब किसान व केंद्र प्रभारी मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, भीगे धान की गुणवत्ता खराब होने के कारण मानकों पर फेल साबित होगा।

जिले में बेमौसम पांच दिन से रुक-रुककर दिनरात बारिश हो रही है। इस कारण सरकारी धान खरीद बंद हैं। किसान बारिश के कारण धान केंद्रों पर नहीं ले गए हैं। वहीं, खरीद के इंतजाम भी केंद्र से हटाकर सुरक्षित जगह रख दिए गए हैं। इसका खरीद पर असर पड़ा है। सोमवार को सदर तहसील क्षेत्र में शाम तक बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। नवीन मंडी समेत अन्य केंद्रों पर किसान धान लेकर गए, लेकिन मौसम को देखते हुए खरीद शुरू नहीं की गई। किसान व केंद्र प्रभारी धूप निकलने का इंतजार करते रहे। वहीं, केंद्रों पर खरीदे धान का उठान नहीं किया गया है। इस कारण बिना टोकन के किसान कई दिन पहले धान बिक्री के लिए बाहर खुले आसमान में रख गए थे, जो बारिश से बराबर भीग रहे हैं, जिसे केंद्र पर बचाने के इंतजाम नहीं हैं और उठान न होने के कारण सुरक्षित रखने की जगह नहीं है। इस कारण बराबर धान भीग रहा है। धान भीगने से नमी है, जो सरकारी केंद्रों पर खरीदा नहीं जाएगा। धान काला पड़ने से गुणवत्ता भी खराब होगी। बारिश थमने के साथ किसान धान सुखाने का इंतजार कर रहे हैं। डिप्टी आरएमओ समरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि केंद्रों पर पर्याप्त जगह है। निरीक्षण करेंगे। खुले में रखा मिला तो कार्रवाई करेंगे।

--------

37,700 में 27,300 एमटी खरीद

जिले को 37,700 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है। इसमें 27,300 मीट्रिक टन खरीद हो चुकी है। 4,062 किसानों ने केंद्रों पर धान बेचा है। खरीद तेजी से हो रही थी, जो बारिश के कारण बंद है। इससे लक्ष्य पर असर पड़ा है।

chat bot
आपका साथी