एक सौ से अधिक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जुमा की नमाज के बाद जुलूस निकालकर नारेबाजी व पथराव कर अराजकता का माहौल बनाना करीब सवा सौ प्रदर्शनकारियों को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने कई गंभीर धाराओं के तहत इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 20 Dec 2019 08:21 PM (IST) Updated:Sat, 21 Dec 2019 06:05 AM (IST)
एक सौ से अधिक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एक सौ से अधिक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जागरण संवाददाता, जौनपुर: निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जुमा की नमाज के बाद जुलूस निकालकर नारेबाजी व पथराव कर अराजकता का माहौल बनाना करीब सवा सौ प्रदर्शनकारियों को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने कई गंभीर धाराओं के तहत इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। देर शाम पुलिस ने दबिश देकर लगभग आधा दर्जन आरोपितों को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उपद्रवियों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि नहीं की है।

धारा 144 लागू होने के बावजूद जुमा की नमाज के बाद शुक्रवार को अटाला मस्जिद व बड़ी मस्जिद से हजारों की तादाद में जुलूस निकालकर वर्ग विशेष के युवाओं ने शहर में विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी और आलमगंज में पत्थरबाजी की। शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस व प्रशासनिक अमला कई घंटों तक हलाकान रहा। देर शाम शहर कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय की तहरीर पर कोतवाली में 14 नामजद व करीब लगभग 125 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ कई संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। तहरीर में कोतवाल ने आरोप लगाया है कि धारा 144 लागू होने के बावजूद आरोपितों ने एक राय होकर जुलूस की शक्ल में शहर में उत्तेजक व भड़काऊ नारेबाजी की। मना करने पर सुरक्षा बलों पर पथराव और गाली-गलौच किया। इससे दहशत का माहौल बन गया और दुकानें बंद हो गईं। इस दौरान भगदड़ और अराजकता की स्थिति बन गई। आरोपितों के इस कृत्य से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद कई थानों की पुलिस ने नवाब युसुफ रोड, आलमगंज, बड़ी मस्जिद आदि इलाकों में दबिश देकर आधा दर्जन से अधिक आरोपितों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई से प्रदर्शन में शामिल लोगों में खलबली मच गई है। मालूम हो कि पुलिस प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन की पूरी गतिविधि की वीडियो रिकार्डिंग कराई थी। उसी के आधार पर आरोपितों को चिह्नित करने की कार्रवाई चल रही है।

chat bot
आपका साथी