बाढ़ के पानी से निनावली पुल के आसपास धंसी सड़क

संवाद सूत्र रामपुरा ब्लाक क्षेत्र में सिध व यमुना का जलस्तर कम होने से कई गांवों में पानी कम

By JagranEdited By: Publish:Wed, 11 Aug 2021 07:02 PM (IST) Updated:Wed, 11 Aug 2021 07:02 PM (IST)
बाढ़ के पानी से निनावली पुल के आसपास धंसी सड़क
बाढ़ के पानी से निनावली पुल के आसपास धंसी सड़क

संवाद सूत्र, रामपुरा : ब्लाक क्षेत्र में सिध व यमुना का जलस्तर कम होने से कई गांवों में पानी कम हो गया है। कई जगहों पर पानी अभी भी भरा हुआ है। पहुज नदी पर निनावली के बने पुल के दोनों ओर चार-चार फुट सड़क धंस गई है। इससे आवागमन भी प्रभावित हो गया है।

बाढ़ का पानी अब गांवों में धीरे-धीरे कम होने लगा है। जिससे लोग फिर से अपने घरों की तरफ लौटने को बेताब नजर आ रहे हैं। कई गांवों में बाढ़ के पानी से गलियों में मलबा भरा हुआ है जिसको निकालने में ग्रामीण जुट गए हैं। इलाके के ग्राम कुसेपुरा, डिकौली जागीर, सुंदरपुरा, बिलौड़, जखेता, हुकुमपुर, नरौल आदि गांवों में बाढ़ के पानी से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इन गांवों के अधिकांश कच्चे घर गिर चुके हैं। कई पक्के घरों की दीवारें भी गिर गई हैं। साथ ही ग्रामीणों की गृहस्थी भी खराब हो चुकी है।

-----------

बचाव कार्य में जुटी सेना

सिध, पहुज, यमुना, चंबल नदी में पानी बढ़ने से चारों तरफ गांवों में पानी भर गया था तो यहां पर सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया था। अब पानी कम हो गया और जिन गांवों में भरा तो वहां अभी भी सेना के जवान मदद पहुंचा रहे हैं। बुधवार को ग्राम बिलौड़ व जखेता में सेना ने निरीक्षण किया और लोगों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं। इलाके की करीब 200 एकड़ फसलें बर्बाद होने से अब किसान भी रोजी रोटी के लिए परेशान नजर आने लगे हैं।

-------

सेना के जवानों ने बचाई जान :

ब्लाक क्षेत्र के ग्राम निनावली जागीर निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। गांव के आसपास पानी भरा होने से लोगों ने सेना के जवानों तक यह सूचना पहुंचाई तो तुरंत ही वह गांव पहुंचे। जितेंद्र की हालत ज्यादा खराब थी जिस पर सेना के जवानों ने उसे स्टीमर पर ही आक्सीजन लगा दिया और एंबुलेंस से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत में सुधार है। सेना के इस कार्य की लोगों ने जमकर सराहना की।

chat bot
आपका साथी