अतिक्रमण पर प्रहार से दिन में बंद हुए बाजार

नगर पालिका की टीम के पहुंचते ही बाजारों में मची खलबली पुलिस के साथ पीएसी भी थी अभियान असरदार दुकानों के आगे से तख्त बेंच होर्डिंग आदि को ट्रैक्टर ट्राली में डाल लिया घंटाघर पर खुले में रखे खाद्य पदार्थाें के बोरे कर्मचारियों ने जब्त कर लिए

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Dec 2019 06:00 AM (IST) Updated:Fri, 06 Dec 2019 06:07 AM (IST)
अतिक्रमण पर प्रहार से दिन में बंद हुए बाजार
अतिक्रमण पर प्रहार से दिन में बंद हुए बाजार

संवाद सहयोगी, हाथरस : गुरुवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। नगर पालिका की टीम को देख धड़ाधड़ दुकानों के शटर गिरने लगे। देखते ही देखते पंजाबी मार्केट से लेकर घंटाघर तक बाजार बंद हो गए। अभियान के दौरान तख्त, बेंच, होर्डिंग आदि को ट्रैक्टर ट्राली में डाल लिया गया। घंटाघर पर खुले में रखे खाद्य पदार्थाें के बोरे भी पालिका ने जब्त कर लिए। अभियान के दौरान कई दुकानदारों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई लेकिन व्यापारियों की एक न चली।

अतिक्रमण हटाओ अभियान का असर शहर में दिखने लगा है। गुरुवार को दूसरे दिन यह अभियान पंजाबी मार्केट से शुरू हुआ। नगर पालिका की टीम ने अधिकारियों का इंतजार किए बिना ही अभियान शुरू कर दिया। टीम को जो भी नाली के पार मिला, उसे उठाकर साथ चल रहे ट्रैक्टर ट्राली में डालना शुरू कर दिया। व्यस्ततम बाजार होने के चलते कुछ ही देर में वहां से निकलना मुश्किल हो गया। टीम के कर्मचारी अतिक्रमण फैलाने वालों पर जुर्माना भी ठोंकते चल रहे थे। रामलीला ग्राउंड के बाद तो अभियान की कमान उपजिलाधिकारी सदर नीतीश कुमार ने संभाल ली। घंटाघर पर यह अभियान खत्म हुआ। एक कपड़े की दुकान से पॉलीथिन भी बरामद हुई। मिष्ठान सहित कई दुकानों के चालान काटे गए। कई जगह टीम से भिड़े दुकानदार

अभियान के दौरान टीम ने कपड़े की दुकान से पॉलीथिन पकड़ी तो दुकानदार से नोकझोंक शुरू हो गई। दुकानदार पॉलीथिन निर्माता कंपनियों को बंद कराने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि छोटे दुकानदार व व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई से नहीं बल्कि असर तो इन्हे बनाने वाली कंपनियों को बंद कराने से पड़ेगा। अभियान में भेदभाव बरते जाने पर भी अन्य दुकानदारों के साथ टीम की खूब नोकझोंक हुई। सख्त रही सुरक्षा व्यवस्था

अभियान व्यस्ततम बाजार में चलना था। इसलिए सुरक्षा की कमान पुलिस फोर्स के साथ पीएसी ने भी संभाली थी। करीब आधा दर्जन पीएसी के जवान अभियान में थे। अधिकतर जगह व्यापारी विरोध करने से बचते दिखे। अभियान में खूब लगा जाम

बाजार में जाम की शुरुआत तो अभियान शुरू होने के साथ ही हो गई थी। अभियान के दौरान पंजाबी मार्केट से लेकर बेनीगंज, घंटाघर, मोहनगंज आदि में जाम लगा रहा। अभियान समाप्त होने के बाद भी करीब एक घंटा बाद ही जाम से निजात मिली। जुर्माने में वसूले 13 हजार रुपये

नगर पालिका की टीम के कर्मचारी इशारा मिलते ही जुर्माने की रसीद काटते चल रहे थे। इसमें कपड़ा, मिष्ठान, गजक आदि की दुकानों से जुर्माना वसूला गया। तेरह हजार दो सौ रुपये की धनराशि बतौर जुर्माना वसूली गई। प्रदूषण पर नहीं मिली रियायत

अभियान में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसमें कोयले व लकड़ी से चलने वाली भट्ठियों पर तगड़ा जुर्माना लगाया जा रहा है। इसमें मिष्ठान, गजक, ढाबा चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। घंटाघर पर तो एक ढाबे वाला जलती भट्ठी छोड़कर भाग गया। घंटाघर पर खुले में रखे नमकीन आदि खाद्य पदार्थों की बोरियों को ट्रैक्टर-ट्राली में डलवा लिया गया। मधुगढ़ी व इगलास अड्डा

में फिर से की गई कार्रवाई

घंटाघर पर अभियान रुकने के बाद पालिका की टीम सीधे मथुरा रोड व इगलास अड्डा पहुंची। यहां पर चेतावनी के बाद भी लापरवाही बरतने वालों के टीन शेड गिरा दिए गए। वहीं दोनों जगह से अनिल, जावेद, मनोज, सुनील, नरेंद्र राजेश आदि दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। अन्य बाजारों में भी खौफ

अभियान भले ही पंजाबी मार्केट से लेकर घंटाघर तक चला हो पर इसकी धमक अन्य बाजारों में भी रही। बागला मार्ग, कमला बाजार, मुरसान गेट, नजिहाई, गुड़हाई बाजार, पसरट्टा बाजार के दुकानदारों ने दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटा लिए थे। कुछ दुकानदार तो दुकान के आगे से तख्त, होर्डिंग बोर्ड आदि भी हटाने में लगे हुए थे। इनका कहना है

चेतावनी के बाद भी अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर उन्हें ध्वस्त करने के साथ दस गुना जुर्माना वसूला जाएगा। अभियान वाले स्थान पर दुबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

-डॉ. विवेकानंद गंगवार, ईओ नगर पालिका

chat bot
आपका साथी