भूमि विवाद में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या

टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरियापुरवा की घटना आरोपितों ने बेटी भाई भाभी और दामाद को किया घायल

By JagranEdited By: Publish:Wed, 02 Dec 2020 12:11 AM (IST) Updated:Wed, 02 Dec 2020 12:11 AM (IST)
भूमि विवाद में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या
भूमि विवाद में चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या

हरदोई : टड़ियावां थाना क्षेत्र में भूमि विवाद में मंगलवार को युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। उसे बचाने पहुंचे भाई, भाभी, बेटी और दामाद को चाकू मारकर घायल कर दिया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ग्राम खजुरियापुरवा निवासी महेंद्र खेतीबाड़ी करते थे। उनके भाई मन्नीलाल ने बताया कि उन्होंने खनुआखेड़ा निवासी रामश्री से छह माह पूर्व एक बीघा 11 विस्वा खेत खरीदा था जिस पर गांव के ही विकास ने कूड़ा डालकर कब्जा कर रखा था। उसको हटाने को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार कूड़ा हटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ। मामला पुलिस तक भी पहुंचा। मंगलवार की सुबह मन्नीलाल और महेंद्र ने विकास और उनके परिवार के लोगों से कूड़ा हटाने के लिए कहा, इसके बाद महेंद्र गांव में रखी गुमटी से सामान खरीदने गया था। जहां पर घात लगाए बैठे विकास, अंकित, पंकज, विनोद, अंकुल और सतीश ने चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी पर मन्नीलाल, पुत्री विनीता, दामाद ओमप्रकाश और भाभी रामदेवी उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपित ने इन लोगों को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए लाते समय महेंद्र की रास्ते में मौत हो गई। कोतवाल संत प्रसाद उपाध्याय ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। हत्यारोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीम बनाई गई है। समय पर पुलिस और राजस्व टीम जग जाती तो टल सकती थी वारदात

हरदोई : शासन और प्रशासन ने भूमि विवाद में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, लेकिन राजस्व विभाग की टीम इसमें ढिलाई बरत रही है। अगर थाना दिवस में पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की होती तो महेंद्र की हत्या की वारदात टल सकती थी।

टड़ियावां के ग्राम खजुरियापुरवा निवासी मन्नीलाल ने बताया कि छह माह पूर्व भूमि का बैनामा कराया था। भूमि पर गांव के विकास और एक अन्य ने कूड़ा डाल रखा था। कूड़ा हटाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसकी शिकायत शनिवार को थाना दिवस में की। यहां राजस्व और पुलिस टीम ने दूसरे पक्ष को समझा बुझाकर कूड़ा हटाने के लिए कह दिया, लेकिन विकास और उसके स्वजन को नहीं बुलाया, न ही मौके पर जाकर विवाद निपटाने का प्रयास किया।

हत्यारोपितों ने गर्दन पर किया पहला वार : मृतक के भाई मन्नीलाल ने बताया कि महेंद्र गुमटी से सामान खरीदकर आ रहा था, तभी रास्ते में हत्यारोपितों ने उसे रास्ते में पकड़ लिया और गर्दन पर पहला वार किया। इसके बाद चेहरे और शरीर के अन्य स्थानों पर वार किए।

chat bot
आपका साथी