जिला अस्पताल में भर्ती युवक पर हमला

By Edited By: Publish:Tue, 29 Jul 2014 05:20 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jul 2014 05:20 PM (IST)
जिला अस्पताल में भर्ती युवक पर हमला

हरदोई, जागरण संवाददाता : जिला चिकित्सालय में भर्ती युवक पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला बोल दिया। बचाव में आई युवक की पत्‍‌नी के हाथ में चाकू लग गया। लोगों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहे। आरोपियों का मोबाइल और शर्ट पीड़ित पक्ष ने छीन ली है।

जिला चिकित्सालय के सामान्य वार्ड में बेड संख्या 1 पर हरपालपुर थाना क्षेत्र के बेहटा रम्पुरा निवासी अशोक कुमार (35) पुत्र हीरालाल मारपीट में घायल होने के कारण भर्ती हैं। मंगलवार को पूर्वाह्न में उनके विपक्षीगणों में से अगेश्वर और प्रेमपाल पुत्रगण रामनाथ अपने तीन-चार साथियों के साथ सामान्य वार्ड में आ पहुंचे। जैसा कि अशोक ने बताया कि प्रेमपाल ने देखते ही चाकू निकाल लिया। वह उन पर प्रहार करने के बढ़ा कि उनकी पत्‍‌नी विमला ने उसे पकड़ लिया। इससे छीना झपटी में चाकू विमला के हाथ में लग गया।

हमले की जानकारी से चिकित्सालय में अफरा-तफरी मच गई। अन्य मरीजों के तीमारदार भी दौड़ पड़े। इस पर अशोक के भाई रामू ने एक को पकड़ लिया। आरोपी ने शर्ट को खोल दिया। जिससे शर्ट ही हाथ में रह गई और आरोपी भागने में सफल रहे। इसी बीच आरोपियों में से एक मोबाइल भी गिर गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।

घटना की पृष्ठभूमि में बताया जाता है कि रामनाथ के पिता मंगा से करीब 5 बीघा जमीन अशोक के बाबा नन्हू ने डेढ़ लाख रुपए में खरीदी थी। उसका बैनामा होना बाकी है। भूमि पर अशोक आदि का कब्जा है। इसी भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते शनिवार को रामनाथ ने अपने पुत्रों और साथियों के साथ अशोक की बाजार जाते समय जमकर पिटाई कर दी थी। जिसमें पैर में काफी चोट होने के कारण पुलिस ने उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया है।

chat bot
आपका साथी