हापुड़ में शस्त्र फैक्ट्री का फंडाफोड़, पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो हथियार तस्कर दबोचे

थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने सोमवार रात गांव बलवापुर के जंगल स्थित एक खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश कर अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। फैक्ट्री से भारी संख्या में अवैध हथियार व उपकरण बरामद किए हैं।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Tue, 11 Jan 2022 04:33 PM (IST) Updated:Tue, 11 Jan 2022 04:33 PM (IST)
हापुड़ में शस्त्र फैक्ट्री का फंडाफोड़, पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो हथियार तस्कर दबोचे
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

हापुड़ [केशव त्यागी]। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने सोमवार रात गांव बलवापुर के जंगल स्थित एक खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश कर अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। फैक्ट्री से भारी संख्या में अवैध हथियार व उपकरण बरामद किए हैं। आरोपित विधानसभा चुनाव में दहशत फैलाने के लिए हथियार तैयार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया सोमवार रात थाना गढ़मुक्तेश्वर प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गांव बलवापुर के जंगल स्थित एक खंडर में कुछ आरोपित अवैध हथियार बना रहे हैं। सूचना के बाद वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर आरोपितों ने फरार होने का प्रयास किया।

लेकिन, पुलिस ने घेराबंदी करते हुए हथियार तस्कर गिरोह में सदस्य जनपद अमरोहा के थाना रहरा क्षेत्र के गांव छपना निवासी गुड्डू व थाना गजरौला क्षेत्र के गांव नाइपुर निवासी मोहम्मद तोकीर को गिरफ्तार कर लिया हैं। अवैध रुप से शस्त्र बनाने में मोहम्मद तोकीर को महारत हासिल है। वह लोगों को लालच देकर इस धंधे में जोड़ता है। सैंकड़ों लोगों वह शस्त्र बनाना सिखा चुका है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

फैक्ट्री से यह माल हुआ बरामद

शस्त्र फैक्ट्री से नौ तमंचे, दो बंदूक, एक पोनिया, 26 नाल, 15 कारतूस, पेट्रोमैक्स सिलेंडर, एक गिलाइंडर, दो हथोड़े, चार रेती, एक पंखा, एक बैट्रा, दो आरी, दो आरी ब्लेड, तेल कुप्पी, दो रेगमाल, 34 स्प्रिंग, 12 ट्रेगर गार्ड, 20 हैमर व ट्रेगर सहित अन्य सामान बरामद हुआ है।

विधान सभा चुनाव में दहशत फैलाने की थी तैयारी

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर हथियारों की मांग बढ़ रही है। जिसके चलते वह चोरी छिपे रात के समय हथियार तैयार कर रहे थे। पिछले दो माह से आरोपित यहीं हथियार निर्मित कर रहे थे। लेकिन, पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी कर उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया है।

पांच से दस हजार तक बिक्री होता था असलाह

 एएसपी ने बताया कि आरोपित पांच से दस हजार की कीमत के बीच अराजक तत्वों को असलाह बिक्री करते थे। दिल्ली, हरियाणा के अलावा आरोपित गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, अमरोहा सहित आसपास के कई जनपदों में मांग के हिसाब से हथियारों की तस्करी की जाती थी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह, उपनिरीक्षक सुमित तोमर, नवीन कुमार गौतम, मुख्य आरक्षी कादिर अहमद, आरक्षी रजित कुमार व राजकुमार शर्मा शामिल है। सरहानीय कार्य के लिए पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी