उफान पर यमुना व बेतवा, तटवर्ती गांवों में बढ़ी बेचैनी

जागरण संवाददाता हमीरपुर बीते दिनों हुई बारिश के चलते बांधों से छोड़े गए पानी से मुख्या

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 06:47 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 06:47 PM (IST)
उफान पर यमुना व बेतवा, तटवर्ती गांवों में बढ़ी बेचैनी
उफान पर यमुना व बेतवा, तटवर्ती गांवों में बढ़ी बेचैनी

जागरण संवाददाता, हमीरपुर : बीते दिनों हुई बारिश के चलते बांधों से छोड़े गए पानी से मुख्यालय से होकर गुजरी यमुना व बेतवा नदियां उफान पर है। बेतवा में माताटीला बांध से छोड़े गए 1.50 लाख क्यूसेक पानी व यमुना में धौलपुर क्षेत्र में हुई बारिश के चलते दोनों के जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है। यमुना जहां 11 सेमी प्रति घंटा व बेतवा 10 सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रही है। जिससे तटवर्ती गांवों में रहने वाले लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन ने अभी किसी भी प्रकार के खतरे से इन्कार करते हुए नदी तट पर न जाने की सलाह दी है।

बीते दिनों से हुई बारिश के चलते सोमवार सुबह से शुरू हुआ यमुना व बेतवा नदियों के जल स्तर बढ़ने का क्रम मंगलवार को भी जारी है। सोमवार शाम जहां यमुना का जल स्तर 95.87 व बेतवा का 95.28 मीटर दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार तीन बजे यमुना 97.14 मीटर व बेतवा का 96.33 मीटर पर रही। 24 घंटे में यमुना व बेतवा के जल स्तर में क्रमश: 1.25 मीटर व 1.05 मीटर बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। बेतवा में माताटीला बांध से 1.50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ जाने से जल स्तर बढ़ने का कारण बताया जा रहा है। वहीं यमुना में धौलपुर क्षेत्र में हुई बारिश का। मौदहा बांध के अधिशाषी अभियंता करन गंगवार के अनुसार धौलपुर क्षेत्र में हुई बारिश के चलते जहां यमुना का जल स्तर बढ़ रहा है। इसके 98 से 99 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। वहीं बेतवा नदी में माताटीला बांध से सोमवार शाम 50 हजार व मंगलवार सुबह एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिससे इसके भी 98 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। उन्होंने खतरे जैसी बात से इंकार करते हुए कहा कि यमुना का 103.54 व बेतवा का 104.64 मीटर पर खतरे का निशान है। उन्होंने ग्रामीणों से नदियों में मत्स्य आखेट के साथ अन्य कार्य न करने को कहा है।

chat bot
आपका साथी