Gorakhpur News: जयमाल के दौरान मारपीट के बाद वापस जा रही थी बारात, दारोगा की पहल पर हुआ विवाह

मामला गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र का है। किसी बात पर विवाद होने के बाद घराती व बराती के बीच मारपीट हो गई। जिससे नाराज होकर बारात समेत दूल्हा वापस जाने लगा। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे दारोगा ने दोनों पक्षों को समझाकर शादी कराई।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 05 Dec 2022 12:56 PM (IST) Updated:Mon, 05 Dec 2022 12:56 PM (IST)
Gorakhpur News: जयमाल के दौरान मारपीट के बाद वापस जा रही थी बारात, दारोगा की पहल पर हुआ विवाह
दारोगा की सूझबूझ से संपन्न हुई शादी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दारोगा की सूझबूझ से एक रिश्ता टूटने से बच गया। जयमाल के दौरान मारपीट के बाद दुल्हा बिना शादी के ही बारात के साथ वापस जाने लगा। रिश्तेदारों के मान-मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी। इस बीच गश्त के दौरान जानकारी होने पर पहुंचे थाना प्रभारी ने दुल्हे को मनाया। इसके बाद घराती व बराती पक्ष दोनों को बैठाकर समझाते हुए शादी का कार्यक्रम पूरा कराया। सुबह हंसी-खुशी से लड़की की विदाई कराते हुए बारात गई। पूरी रात थाना प्रभारी भी शादी समारोह में बैठे रहे। सूझबुझ के साथ शादी संपन्न कराने पर क्षेत्र में लोगों द्वारा थाना प्रभारी की सराहना की जा रही है।

यह है पूरा मामला

झंगहा थाना क्षेत्र के एक गांव में लड़की की शादी थी। बारात संतकबीरनगर जनपद के धनघटना के शनिचरा बाजार से आई थी। धूमधाम से बारात का स्वागत हुआ। इसके बाद द्वारपूजा की रस्म की गई। जयमाल के दौरान किसी बात को लेकर लड़की पक्ष और लड़के पक्ष में विवाद होने लगा। झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दुल्हा सहित बाराती बिना शादी किए ही वापस जाने लगे। बारात वापस जाता देख रिश्तेदार दुल्हा और बारातियों के मान-मनौव्वल में लग गए। इसके बावजूद वे नहीं माने और जाने लगे।

गश्त के दौरान थाना प्रभारी को हुआ मामले की जानकारी

इस दौरान गश्त पर निकले थाना प्रभारी गौरव राय कन्नौजिया को बिना शादी बारात लौटने की जानकारी हुई। वह तत्काल शादी समारोह में पहुंच गए और वापस जा रहे दुल्हे को मनाने में जुट गए। दुल्हे के मान जाने के बाद थाना प्रभारी ने उसके पिता समेत अन्य बारातियों को भी समझा-बुझाकर मनाया। इसके बाद बारात वापस हुई और सकुशल शादी सम्पन्न हुई। थाना प्रभारी पूरी रात शादी के सभी रस्मों के दौरान मौजूद रहे और लड़की विदाई के बाद वहां से गए।

chat bot
आपका साथी