गोरखपुर में सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा, भाजपा ने जनता से किया धोखा

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा क‍ि भाजपा ने जनता के साथ धोखा व किसानों के साथ छल किया है। इसलिए जनता सरकार से नाराज है वह सपा को अपना समर्थन दे रही है। 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा प्रदेश में सरकार बनाएगी।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 11:59 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 07:30 AM (IST)
गोरखपुर में सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा, भाजपा ने जनता से किया धोखा
गोरखपुर में कार्यक्रम में सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्‍तम पटेल। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा की गलत नीतियों के कारण आर्थिक विषमताएं बढ़ी हैं। उद्योगपतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और किसान अनाज के न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए तरस रहे हैं। उनके सवालों की अनदेखी की जा रही है। जनता से किए वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया है। जनता के साथ धोखा व किसानों के साथ छल किया है। इसलिए जनता सरकार से नाराज है, वह सपा को अपना समर्थन दे रही है। 2022 में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा प्रदेश में सरकार बनाएगी। किसानों को फसलों का उचित मूल्य व नौजवानों को रोजगार मिलेगा। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था ठीक होगी।

कई कार्यक्रमों में शाम‍िल हुए प्रदेश अध्‍यक्ष

यह बातें सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहीं। वह किसान, नौजवान, पटेल यात्रा के साथ रविवार को गोरखपुर पहुंचे। निपाल क्लब में आयोजित अपने स्वागत समारोह व जनसभा को वह संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने सिविल लाइंस स्थित पूर्व विधायक स्व. केदारनाथ सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में नौजवान, किसान सहित हर तबका परेशान है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। डीजल, पेट्रोल, बिजली, दवा, गैस सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं, जबकि भाजपा ने 90 दिन के अंदर महंगाई पर नियंत्रण करने का वादा किया था। आज दो करोड़ किसान सरकार से याचना कर रहे हैं कि हमें न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दे दो, लेकिन सरकार नहीं दे रही है। उत्तर प्रदेश में क्रय केंद्र खोले गए लेकिन केवल आठ फीसद धान-गेहूं की खरीद हो पाई।

सरकार पर साधा न‍िशाना

सरकार कहती है कि किसानों की आय दोगुनी कर दी गई, नौजवानों को रोजगार दिया गया। यह झूठ है। उत्तर प्रदेश की बदहाली की जिम्मेदार भाजपा है। सरकार कहती है कि साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार दिया गया। लेकिन वादा तो दो करोड़ को देने का था, उसका क्या हुआ? उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। इसलिए कोई उद्योगपति यहां उद्याेग लगाने को तैयार नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समय में प्रदेश में अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण हो गया था। कोरोना के नाम पर भी करोड़ों रुपये की लूट हुई है। सरकार बीमारियों व बाढ़ पर भी नियंत्रण नहीं कर पाई। डेंगू से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने सरकार से कहा कि किसानों से किया वादा पूरा करो, न कर सको तो हटो।

बूथों तक जाएं कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता बूथों तक जाएं, भाजपा के झूठ की पोल खोलें। सरकार, सरकारी तंत्र को बर्बाद कर निजी तंत्र को बढ़ावा दे रही है। यह बात जनता समझ चुकी है। इसलिए अब सपा के साथ आ रही है। इस यात्रा के दौरान मैंने महसूस किया जनता सरकार से नाराज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगवा लें। क्योंकि पोलिंग एजेंट वही बनेगा, जिसे दोनों डोज लग चुकी होगी। प्रदेश अध्यक्ष को पदाधिकारियों ने चांदी की साइकिल व मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया। देवरिया के आते समय कार्यकर्ताओं ने उनका चौरीचौरा, फुटहवा इनार, मोतीराम अड्डा, रामनगर कड़जहां, बनसप्ती, सूबा बाजार, कूड़ाघाट, मोहद्दीपुर व विश्वविद्यालय चौराहे पर स्वागत किया।

कार्यक्रम में यह रहे शाम‍िल

अध्यक्षता निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी व संचालन निवर्तमान महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम ने किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव, अखिलेश कटियार, संतोष यादव सनी, जगदीश यादव, डा. मोहसिन खान, अवधेश यादव, प्रहलाद यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, रजनीश यादव, राम ललित चौधरी, शहाब अंसारी, शकील अंसारी, किसान सिंह सैंथवार, धर्मेंद्र सोलंकी, प्रमोद यादव, जितेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह व राजू तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी