कम्हरियाघाट पुल से होकर गोरखपुर से प्रयागराज जाएंगी रोडवेज की बसें, दूरी के साथ किराया भी होगा कम

Kamhariyaghat Bridge गोरखपुर के कम्हरिया घाट पर पुल बनने से लोगों को राहत मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। रोडवेज अब गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली अपनी बसों को कम्हरिया घाट होकर चलाने जा रहा है। इससे यात्रियों का समय और किराया दोनो कम लगेगा।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 19 Aug 2022 10:43 PM (IST) Updated:Fri, 19 Aug 2022 10:43 PM (IST)
कम्हरियाघाट पुल से होकर गोरखपुर से प्रयागराज जाएंगी रोडवेज की बसें, दूरी के साथ किराया भी होगा कम
गोरखपुर से प्रयागराज के लिए अब कम्हरिया घाट से होकर रोडवेज की बसें चलेंगी। - प्रतीकात्मक तस्वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। कम्हरियाघाट पुल होकर जल्द गोरखपुर से प्रयागराज के लिए रोडवेज की बसें चलने लगेंगी। पुल का उद्घाटन होने के बाद परिवहन निगम (रोडवेज) ने बस चलाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। परिवहन निगम नए रूट के सर्वे में जुट गया है। निगम का दावा है कि एक सप्ताह में रूट और किराया निर्धारित कर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस पुल के अस्तित्व में आ जाने से पूर्वांचल के करीब बीस लाख लोगों को फायदा होगा। गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाले लोगों का समय के साथ ही पैसा भी बचेगा।

पचास रुपये कम होगा रोडवेज बसों का किराया

ऐसे में गोरखपुर से प्रयागराज की दूरी कम होने के साथ किराया भी करीब 50 रुपये सस्ता हो जाएगा। कम समय में लोग प्रयागराज की यात्रा पूरी कर लेंगे। जानकारों का कहना है कि कम्हरियाघाट पुल प्रयागराज, अंबेडकरनगर और अयोध्या के लिए नया विकल्प मार्ग तैयार हो गया है। कम्हरियाघाट पुल के रास्ते प्रयागराज जाने के लिए गोरखपुर से सिकरीगंज या खलीलाबाद से घनघटा होते हुए बसें चलाई जाएंगी। गोरखपुर से कम्हरियाघाट, रामनगर, शाहगंज और जौनपुर होते हुए बसें सीधे प्रयागराज पहुंच जाएंगी।

इन शहरों के लोगों को भी होगी आसानी

बसों के संचालन से गोरखपुर, सिकरीगंज, खलीलाबाद और घनघटा के लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। कम्हरियाघाट क्षेत्र के करीब 500 गांवों के लगभग 20 लाख लोगों को इस पुल का लाभ मिलेगा। वर्तमान में गोरखपुर से कौड़ीराम, दोहरीघाट, आजमगढ़ और जौनपुर होते हुए प्रयागराज के लिए बसें चल रही हैं। 18 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कम्हरियाघाट पुल का उद्घाटन किया था।

कम्हरियाघाट पुल से रोडवेज बस का संचालन जल्द किया जाएगा। इसे लेकर सर्वे कराया जा रहा है। इससे साफ होगा कि किन जिलों के लिए कितनी बस का संचालन किया जाना जरूरी है। किराया आदि का निर्धारण होने के बाद राप्तीनगर डिपो की बसें कम्हरियाघाट पुल होते हुए चलने लगेंगी। - पीके तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक- परिवहन निगम।

chat bot
आपका साथी