राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तंज- कहा, कभी सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब बन गई वोटकटवा पार्टी

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ ने कहा कि कभी सत्ता में रहने वाली कांग्रेस आज वोट कटवा पार्टी बन गई है। कांग्रेस ने 55 वर्षों तक देश पर राज किया हमेशा गरीबी के नाम पर वोट लिया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 09 May 2019 05:01 PM (IST) Updated:Fri, 10 May 2019 10:21 AM (IST)
राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तंज- कहा, कभी सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब बन गई वोटकटवा पार्टी
राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तंज- कहा, कभी सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब बन गई वोटकटवा पार्टी

गोरखपुर/देवरिया, जेएनएन। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ ने कहा कि कभी सत्ता में रहने वाली कांग्रेस आज वोट कटवा पार्टी बन गई है। कांग्रेस ने 55 वर्षों तक इस देश पर राज किया। हर बार गरीबी के नाम पर वोट लिया, लेकिन कितना गरीबी दूर किया यह आपसे छिपा नहीं है। सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके बारे में बहुत कुछ कहना नहीं चाहते, लेकिन इतना जरूर कहेंगे कि जब इन्हें लगा कि भाजपा को अकेले नहीं हरा पाएंगे तो एक साथ मिल गए। जो कभी एक-दूसरे के दुश्मन थे आज एक हो गए हैं। उन्हाेंने कहा कि जो लोग यह कह रहे हैं कितने आतंकी मारे गए थे। आज आपने दैनिक जागरण पढ़ा होगा ताे पता चल गया होगा।

गृहमंत्री गुरुवार को सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के रमावती धर्मनाथ कन्या इंटर कालेज पिपरा चौराहा, लार के प्रांगण में भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा के समर्थन में आयोजित जनसभा काे संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्षों में भारत में जो करिश्मा हुआ है शायद ही किसी देश में हुआ होगा।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष पहले भारत को काफी कमजोर मानता था। 2014 में अर्थव्यवस्था के मामले में भारत नौंवे स्थान पर था आज छठे आज स्थान पर है। साढ़े चार वर्षों में दुनिया में यदि तेजी से कोई देश आगे बढ़ा है तो वह भारत है। मैंने कभी जनता की आंखों में धूंल झोंककर वोट नहीं मांगा है बल्कि आंखों में आंख डालकर वोट मांगा है।

सख्‍त कानून बनाएंगे

कहा कि राष्ट्रद्रोहियों के लिए हम ऐसा सख्त कानून बनाएंगे की देश के खिलाफ सोचने वालों का कलेजा कांप उठेगा। कांग्रेस की नाकामियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक इस देश में हुकूमत किया। देश में गरीबी कितनी दूर की यह किसी से छिपी नहीं है। 2008 से लेकर 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने ही आवास योजना शुरू की। अपने शासनकाल में उन्होंने 25 लाख आवास दिए। 2014 से लेकर 2018 तक चार वर्षों में हमारी सरकार ने एक करोड़ तीस लाख मकान दिया। यह हमारी कार्य करने की शैली है।

हमने 12 करोड़ गैस कनेक्शन दिए

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 1947 से लेकर 2014 तक अब कांग्रेस ने साढ़े 12 करोड़ गैस कनेक्शन दिए। हम लोगों ने चार साल में तेरह करोड़ गैस कनेक्शन दिए। शौचालय को हमने 95 फीसद तक पहुंचा दिया। कांग्रेस के शासन काल में प्रतिदिन 6 से 12 किमी सड़क और हमारे शासन काल में प्रतिदिन 32 किमी सड़क बन रही है। नेहरू, राजीव गांधी व अब राहुल गांधी सबने गरीबी हटाओं, देश बचाओं के नाम पर खूब वोट लिए। गरीबी कैसे दूर होती है आंकड़ा हम देते हैं, 2014 में जब भारत का सर्वें करने गए थे। साढ़े बारह करोड़ गरीब थे। 2019 में जब सर्वें किया गया तो यह संख्या घटकर पांच करोड़ पहुंच चुकी थी। हम ऐसे हालात पैदा करेंगे कि अाने वाले समय में देश में एक भी परिवार गरीब नहीं रहेगा।

संस्‍था कमजोर होगी तो लोकतंत्र कमजोर होगा

अपने 35 मिनट के संबोधन में राजनाथ ने कहा कि कैसे कांग्रेस, सपा-बसपा ने कैसे सरकार चलाया आपने देखा है। यह कोई नहीं कह सकता है कि मुख्यमंत्री  रहते हमारे दामन पर भ्रष्टाचार का दाग लगा। नरेंद्र मोदी पंद्रह वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। पांच वर्षों तक प्रधानमंत्री रहे इनके दामन पर भी कोई दाग नहीं लगा। हमारे प्रधानमंत्री को यह कहते हैं चौकीदार चोर है। क्या कोई प्रधानमंत्री को ऐसे गाली देता है। कोई दुर्योधन कहना है। प्रधानमंत्री व्यक्ति नहीं संस्था होता है। जब संस्था कमजोर होता है तो लोकतंत्र कमजोर होता है। उनके कामों की आलोचना करिए। उनकी व्यक्तिगत आलोचना मत करिए। आलोचना करिए तो कम से कम गाली तो मत दीजिए। एक पार्टी का बड़ा नेता प्रधानमंत्री को गाली देता है तो दुनिया में भारत की क्या छवि बनेगी? इस गाली का बदला आप वोट से लीजिए। हम भारत माता की मस्तक को किसी भी सूरत में नीचे झुकने नहीं देंगे।

भोजपुरी भी बोले, पूछा- सब ठीक बा न

भारत ने कभी किसी देश के उपर पर पहले हमला नहीं किया और न ही जमीन ही कब्जा किया। लेकिन हमारी नीति साफ है यदि हमें कोई छेडेंगा तो हम किसी को छोड़ेंगे भी नहीं। पहली गोली भारत की तरफ से नहीं चलेगी, लेकिन एक भी गोली पाकिस्तान की तरफ से चली तो भारत की गोलियों को गिना नहीं जाएगा। देश ऐसे चलता है। हम तानाशाह बनकर नहीं, सेवक बनकर सरकार चलाना चाहते हैं। इसलिए हमारे प्रधानमंत्री ने अपने आप को देश का चौकीदार कहा। उन्होंने जनता से भोजपुरी में पूछा की कवनो तकलीफ नइखे न। आप लोगन के बीच जब आवे के मौका मिलेला त अच्छा लगेला। भगवान बनवले त गृहमंत्री यानी घरे के मंत्री। खेतीबारी सब ठीक-ठाक चलत बा न। सब ठीक बा न। हमहू किसान हई किसानन के मुसीबत आ समस्या समझत हई।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी