ये देखो भीषण जाम, एक किलोमीटर जाने में लग गए एक घंटे

भीषण जाम से शहर की यातायात-व्यवस्था ठप हो गई। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक सभी प्रमुख चौराहों पर गाड़ियां रेंगती रहीं जिसकी वजह से लोग परेशान रहे। धर्मशाला मोहद्दीपुर गोरखनाथ ओवरब्रिज पर सबसे खराब स्थिति रही।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 05:30 PM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 05:30 PM (IST)
ये देखो भीषण जाम, एक किलोमीटर जाने में लग गए एक घंटे
गोलघर में लगा लंबा जाम। फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : भीषण जाम से शहर की यातायात-व्यवस्था ठप हो गई। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक सभी प्रमुख चौराहों पर गाड़ियां रेंगती रहीं, जिसकी वजह से लोग परेशान रहे। धर्मशाला, मोहद्दीपुर, गोरखनाथ ओवरब्रिज पर सबसे खराब स्थिति रही। यहां फंसे लोगों को एक एक किलोमीटर सफर तय करने में एक घंटे का समय लगा। यातायात-व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए किए गए सभी इंतजाम फेल नजर आए। कचहरी चौराहा पर तो जाम खुलवाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव को सड़क पर उतरना पड़ा।

कौआबाग अंडरपास बंद होने से शहर में लग गया जाम

मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर जेसीबी के खराब होने, पानी भरने की वजह से कौआबाग अंडरपास बंद होने की वजह से सुबह 11 बजे ही शहर में जग-जगह जाम लग गया। धर्मशाला अंडरपास बंद होने की वजह से ओवरब्रिज पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे लोग जल्दी निकलने की कोशिश में मुख्य सड़क से सटे मोहल्ले में घुसे तो वहां भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। लखीमपुर में हुई घटना के विरोध में सपा और कांग्रेस के कचहरी चौराहा के पास प्रदर्शन करने की वजह से यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे रूट डायवर्ट कर दिया।

चार पहिया वाहनों के रोकने से स्थिति और बिगड़ गई

कचहरी की तरफ आने वाले चार पहिया वाहनों के रोकने से स्थिति और बिगड़ गई। इसकी वजह से सिविल लाइंस, गोलघर, हरिओमनगर, पैडलेगंज, मोहद्दीपुर, टीपी नगर, रुस्तमपुर भी जाम लग गया। इसकी वजह से स्कूली बच्चों के साथ ही शहर में आए लोग शाम चार बजे तक जाम में फंसे रहे।

असुरन की जाम में फंसे कई एंबुलेंस

धर्मशाला ओवरब्रिज और असुरन चौराहा पर लगे जाम में कई एंबुलेंस भी फंसे थे, जिसे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत से निकाला। जिला अस्पताल आने वाले बीमार और तीमारदार को भी परेशानी झेलनी पड़ी।

कौवाबाग अंडरपास से पानी निकालने में जुटा नगर निगम

नगर निगम के उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने कौवाबाग अंडरपास के नीचे से पानी निकाला। उपसभापति ने बताया कि रेलवे की ओर से दो पंपिंग सेट लगाए गए हैं। नगर निगम सक्शन टैंकर से पानी निकलवा रहा है। बताया कि महापौर सीताराम जायसवाल ने पानी निकालने की व्यवस्था पर निगरानी के लिए उन्हें भेजा है। इस दौरान पार्षद के प्रतिनिधि विवेक कुमार मिश्र, हिंदू युवा वाहिनी के महानगर महामंत्री संजय शिलांकुर आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी