आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण में सुस्ती पर CM योगी ने जताई नाराजगी, सवाल पूछा तो अधिकारियों के छूटे पसीने

आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माण कार्यों की प्रगति जांची। इस दौरान धीमी गति को लेकर नाराज सीएम ने सुधार नहीं होने पर निर्माण एजेंसी को काली सूची में डालने का निर्देश दिया है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 05 Jun 2023 07:54 AM (IST) Updated:Mon, 05 Jun 2023 07:54 AM (IST)
आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण में सुस्ती पर CM योगी ने जताई नाराजगी, सवाल पूछा तो अधिकारियों के छूटे पसीने
आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ. सूचना विभाग

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की शाम भटहट के पिपरी में बन रहे आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। निर्माण की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी प्रकट की और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने पर निर्माण एजेंसी पर जुर्माना लगाने व सुधार नहीं होने की दशा में एजेंसी को काली सूची में डालने का निर्देश दिया।

CM ने निर्माण की प्रगति देख अधिकारियों से पूछा सवाल

आयुष विश्वविद्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने लेआउट डिजाइन का अवलोकन करने के साथ ही परिसर का भ्रमण कर निर्माण की प्रगति देखी। प्रगति को लेकर उन्होंने जब सवाल पूछना शुरू किया तो एजेंसी अधिकारियों के पसीने छूटने लगे। उन्होंने एकेडमिक ब्लाक, हास्टल, जलनिकासी आदि के कार्यों के बारे में पूछताछ की। कहा कि समयबद्धता और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की चूक अक्षम्य होगी।

काम में तेजी लाने के लिए बढ़ाएं मजदूरों की संख्या

मुख्यमंत्री ने एजेंसी व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्राथमिकता तय कर लें। उसी के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने काम में तेजी लाने के लिए एक साथ 1200 से 1500 मजदूरों को लगाने को कहा। पीडब्लूडी के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 46 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर कार्यदायी संस्था से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों समेत सभी की जवाबदेही तय की जाएगी। इस दौरान कुलपति प्रो. एके सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल, एमएलसी डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश उपस्थित थे।

कुलपति आवास की दीवारों में भी पड़ने लगी दरारें

निर्माणाधीन आयुष विश्वविद्यालय परिसर में पूर्ण हो चुके सुविधा केंद्र के भवन में संचालित ओपीडी व कुलपति कार्यालय की दीवारों में पहले ही दरारें पड़ गई थीं। जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद बीएचयू के अभियंताओं टीम ने निरीक्षण किया था। अब कुलपति आवास की दीवारों में भी दरारें पड़ने लगी हैं।

बालापार ओवरब्रिज का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम बालापार मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण कार्य करने का निर्देश दिया। इस दौरान वहां जुटे कुछ लोगों ने ‘महाराज जी’ संबोधन करते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री मुस्कुराए और अपने पास सांसद रवि किशन शुक्ल और विधायक महेंद्रपाल सिंह को भी बुला लिया और लोगों की फोटो खिंचवाने की चाह पूरी कर दी।

chat bot
आपका साथी