अचानक बढ़ी भीड़, गोरखधाम में धक्का-मुक्की

जागरण संवाददाता, गोरखपुर : छठ पर्व के बाद दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों की भीड़ शुक्रवार को रेल

By Edited By: Publish:Sat, 01 Nov 2014 01:57 AM (IST) Updated:Sat, 01 Nov 2014 01:57 AM (IST)
अचानक बढ़ी भीड़, गोरखधाम में धक्का-मुक्की

जागरण संवाददाता, गोरखपुर : छठ पर्व के बाद दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों की भीड़ शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर अचानक बढ़ गई। शाम को प्लेटफार्म नंबर 2 पर तिल रखने की जगह नहीं थी। भीड़ से घुटन महसूस हो रही थी। दिल्ली होते हुए हिसार तक जाने वाली 12555 गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तो सीट के लिए जमकर धक्का-मुक्की हुई। अफरा-तफरी के बीच दर्जनों यात्री चोटिल हो गए। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाला। लाठियां भी भांजनी पड़ी। दर्जनों यात्रियों की ट्रेन छूट गई।

शाम 4.35 बजे दिल्ली जाने वाली गोरखधाम के लिए सुबह 10 बजे से ही प्लेटफार्म नंबर 2 पर यात्रियों की लंबी लाइन लग गई थी। छूटने के समय अचानक ट्रेन प्लेटफार्म पर आई तो भगदड़ की स्थिति बन गई। साधारण बोगियों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई महिलाएं और बच्चे नीचे गिर गए। डर के मारे बुजुर्ग किनारे हो लिए। अधिकतर यात्री आपातकालीन खिड़की से ही घुसने की कोशिश करने लगे। इसी बीच स्टेशन के दलाल पीछे से यात्रियों को बोगियों पर चढ़ाने लगे। आरपीएफ ने उन्हें खदेड़ा। शाम को 5.5 बजे के आसपास गाड़ी आगे बढ़ने लगी। इसी बची कुछ यात्रियों ने चेन पुलिंग भी कर दी। लेकिन, ट्रेन सरकती रही। जगह नहीं मिली तो दर्जनों यात्री छूट गए। कुछ जान जोखिम में डालते हुए साधारण बोगियों के गेट पर लटक गए। भीड़ का आलम यह था कि शयनयान श्रेणी की बोगियां साधारण बन गई थी। कंफर्म से अधिक वेटिंग टिकट वाले यात्री चढ़े हुए थे। गोरखधाम जाने के बाद भी लाइन कम नहीं हुई। मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस के लिए यात्रियों की लाइन लग गई।

---

दुर्ग एक्सप्रेस ट्रेन से

गिरा यात्री, घायल

नौतनवां से दुर्ग जा रही दुर्ग एक्सप्रेस की साधारण बोगी में चढ़ रहा यात्री नीचे गिर गया। उसके दाहिने पैर में गंभीर रूप से चोट आई है। रेलवे के चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक इलाज किया। आरपीएफ ने एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल भेज दिया। ट्रेन दिन के 2.30 बजे के आसपास प्लेटफार्म नंबर 5 पर लगी। भीड़ के चलते अधिकतर यात्री छूट गए। लेकिन, कुछ यात्री जान जोखिम में डालकर साधारण बोगियों में चढ़ गए। उसमें से सिद्धार्थनगर जनपद के मेंहदावल निवासी श्रवण चौधरी नाम का यात्री पूर्वी यार्ड स्थित मजार के पास ट्रेन से नीचे गिर गया।

chat bot
आपका साथी