देशसेवा के जज्बे संग सेना में भर्ती को बहा रहे पसीना

क्षेत्र के सैकड़ों नौजवान देश सेवा का जज्बा लिए सेना में भर्ती।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 07:55 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 07:55 PM (IST)
देशसेवा के जज्बे संग सेना में भर्ती को बहा रहे पसीना
देशसेवा के जज्बे संग सेना में भर्ती को बहा रहे पसीना

जागरण संवाददाता, खानपुर (गाजीपुर) : क्षेत्र के सैकड़ों नौजवान देश सेवा का जज्बा लिए सेना में भर्ती होने की ललक में रोज घंटों पसीना बहा रहे हैं। इलाके के ज्यादातर युवा सेना में जाकर देश की सेवा करने की चाहत भी रखते हैं।

वाराणसी में सेना भर्ती होने की घोषणा होने के बाद से ही युवा यहां जोरशोर से तैयारी कर रहे हैं। प्रतिदिन भोर में चार बजे से लेकर शाम सात बजे तक सड़कों मैदानों बगीचों में झुंड के झुंड युवाओं की टोली दौड़, कूद, दण्ड, व्यायाम और उठक-बैठक कर रहे है। भारतीय सेना का नाम सुनते ही ग्रामीण अंचल के युवाओं का सीना चौड़ा होना लाजिमी है। आगामी छह से 30 सितंबर के बीच सेना भर्ती का आयोजन वाराणसी के छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में किया जाएगा। सेना भर्ती में पूर्वांचल के दर्जनभर जिलों के साथ गाजीपुर के युवाओं की भर्ती भी की जाएगी। उचौरी बेलहरी करमपुर पोखरामोड सिधौना गदनपुर गोपालपुर जगदीशपुर मौधा गहिरा दरवेपुर आदि इलाकों में सुबह-शाम काफी संख्या में युवा कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। बारिश के मौसम में भी उनका जोश कम नहीं हो रहा है। सभी मेहनतकश युवा कोविड प्रोटोकाल का पूरा ध्यान रखते हुए वे दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, बीम आदि की प्रैक्टिस कर रहे हैं। सैनिक भर्ती के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आठ जुलाई से शुरू हो गई है और 30 अगस्त तक वह रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। ज्यादातर किसान परिवार के युवक अपने श्रम और शारीरिक प्रैक्टिस की निरंतरता को बनाए रखने के लिए मैदानों के अलावा खेती कार्यों में भी पसीना बहा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी