दो दिन में मिल जाएगा नमक, तेल व दाल का स्टाक

सरकार द्वारा दिसंबर से मार्च तक वितरित होने वाले दोगुने राशन के साथ नमक तेल व दाल का स्टाक दो दिन में जनपद को उपलब्ध हो जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 05:13 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 05:13 PM (IST)
दो दिन में मिल जाएगा नमक, तेल व दाल का स्टाक
दो दिन में मिल जाएगा नमक, तेल व दाल का स्टाक

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : सरकार द्वारा दिसंबर से मार्च तक वितरित होने वाले दोगुने राशन के साथ नमक, तेल व दाल का स्टाक दो दिन में जनपद को उपलब्ध हो जाएगा। इसको लेकर जिला पूर्ति विभाग तैयारी में लगा हुआ है। अब हर माह दो बार निश्शुल्क खाद्यान्न के साथ माह में एक बार आयोडीन नमक, खाद्य तेल सरसों तेल या रिफाइंड और दाल या साबुत चना भी मिलेगा। इसमें एक बार राज्य सरकार के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत तो दूसरी बार कोरोना काल में केंद्र सरकार की ओर से शुरु की गई पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन मिलेगा। इसमें प्रति यूनिट 10-10 किलो अनाज दिया जाएगा। प्रधान मंत्री गरीब कल्याण योजना का राशन पांच से 15 तारीख तक और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा का राशन 20 से 30 तारीख तक किया जाएगा। जिले के छह लाख 41 हजार 794 कार्डधारकों को इसका लाभ मिलेगा।

पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत अप्रैल 2020 से नवंबर 2020 तक और फिर मई 2021 से नवंबर तक राशन कार्डधारकों को निश्शुल्क अनाज दिया जा रहा है। इसमें पात्र गृहस्थी और अन्त्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल दिया जाता था। शासन ने दिसंबर से मार्च 2022 तक निश्शुल्क राशन देने की घोषणा की है। इसका लाभ जिले के कुल पांच लाख 82 हजार 257 पात्र गृहस्थी व 59 हजार 557 अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस योजना को अपने संसाधनों से मार्च 2022 तक चलाने की घोषणा की। इसमें एक किलो दाल, एक लीटर खाद्य तेल, एक किलो चीनी और एक किलो नमक भी निश्शुल्क मिलेगा। अंत्योदय राशन कार्ड धारक को 35 किलो प्रति कार्ड की दर से 20 किलो गेहूं और 15 किलो चावल मिलेगा। दिसंबर से लाभार्थियों को दो बार राशन दिया जाएगा। साथ में एक बार नमक दाल व चना भी वितरित होगा। इसका स्टाक दो से तीन दिन में प्राप्त हो जाएगा। फिलहाल उसके वितरण की तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को हुए वीसी में भी शासन से इसका निर्देश भी मिला है।

-कुमार निर्मलेंदु, डीएसओ।

chat bot
आपका साथी