मल ढोने की सच्चाई आई सामने

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से यूसुफपुर मैरिज हाल में शुक्रवार को 'बदलाव क

By Edited By: Publish:Fri, 17 Oct 2014 06:58 PM (IST) Updated:Fri, 17 Oct 2014 06:58 PM (IST)
मल ढोने की सच्चाई आई सामने

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से यूसुफपुर मैरिज हाल में शुक्रवार को 'बदलाव की ओर बढ़ते स्वच्छकार महिलाओं के कदम' विषयक कार्यक्रम हुआ। विभिन्न गांवों से आईं स्वच्छकार समुदाय की महिलाओं ने राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य हेमलता खेरिया से गांवों में चल रहे मानव मल ढोने जैसे घृणित पेशे की शिकायत की।

कार्यक्रम में यह बातें खुलकर सामने आईं कि आज भी भांवरकोल ब्लाक के मच्छटी, रानीपुर, फखनपुरा, महेंद, सेमरा सहित कई गांवों में शुष्क शौचालय हैं। स्वच्छकार समाज की महिलाओं से दबंगई से मानव मल ढोने का काम कराया जाता है। विरोध करने पर धमकी दी जाती है। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि जिस परिवार में दहेज नहीं मिलता उसके घर वाले अपनी बहुओं से इस काम को कराते हैं।

सोशल डेवलपमेंट (दिल्ली) के निदेशक विद्या भूषण रावत ने कहा कि सरकार की ओर से आंकड़े में मात्र 35 महिलाओं को इस काम में दर्शाया गया है जबकि इसमें ज्यादा लोग हैं। एसडीएम एसडी सिंह ने इसकी जानकारी से अनभिज्ञता जताई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य हेमलता खेरिया ने कहा कि इस पेशे को समाप्त करने के लिए वर्ष 2013 में ही कानून बनाया गया। अधिकारियों की लापरवाही से इस घृणित काम पर रोक नहीं लग रही है।

कहा कि इस पेशे को छोड़ने से आजीविका के लिए सरकार की ओर से 40 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसकी जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी नहीं है। यह काफी हैरानी की बात है। उन्होंने मानव मल ढोने वाले लोगों की सूची बनाकर देने की बात कही। कार्यक्रम में गीता रावत, लालती देवी, सलमा, तारा देवी, सरिता देवी, मुन्नी रावत, पुष्पा देवी, अंजू, रीना सहित काफी संख्या में महिलाओं ने अपनी पीड़ा सुनाईं।

कार्यक्रम में तहसीलदार उमेश चंद्र निगम, क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार चौबे, नायब तहसीलदार वीरेंद्र गुप्ता, महिला थानाध्यक्ष, राजकपूर रावत, रमापति राम, प्रकाश रावत आदि मौजूद रहे। संचालन दीपमाला ने किया।

सेमरा व पुरवा शिवराय का लिया जायजा

राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य हेमलता खेरिया ने सेमरा व पुरवा शिवराय गांव में गंगा से हुए कटान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कटान पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा। उनके साथ एसडीएम एसडी सिंह मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी