बीम एवं डेक स्लैब निर्माण से आवागमन ठप

By Edited By: Publish:Tue, 23 Sep 2014 02:20 AM (IST) Updated:Tue, 23 Sep 2014 02:20 AM (IST)
बीम एवं डेक स्लैब निर्माण से आवागमन ठप

गाजीपुर : टैक्सी स्टैंड स्थित ओवरब्रिज के पिलर पर डेक स्लैब व बीम के निर्माण को लेकर स्टेजिंग का शुरू हो चुका है। सोमवार को आवागमन ठप रहा। सिर्फ दो पहिया वाहनों को संकरे रास्ते से आने-जाने की अनुमति थी। रौजा क्षेत्र से नगर मुख्यालय आने वालों को अन्य रास्तों से गुजरना पड़ा। शहर के विभिन्न इलाकों में राहगीर जाम से जूझते रहे।

राज्य सेतु निगम ओवरब्रिज निर्माण को लेकर काफी तेजी दिखा रहा है। अब तक 11 पिलरों का निर्माण हो चुका है। रौजा क्षेत्र में गोरखपुर मार्ग पर डेक स्लैब व बीम भी पड़ चुकी है। आरीवाल का निर्माण शुरू है। उसी रफ्तार से दक्षिण में वाराणसी की ओर भी डेक स्लैब व बीम का निर्माण चालू है। पिलर पी-1 एवं पी-2 पर बीम और डेक स्लैब के निर्माण को लेकर स्टेजिंग का काम जोरों पर है जिस कारण आवागमन बंद किया गया है।

केवल दो पहिया वाहनों को जाने की ही अनुमति है। संकरा रास्ता होने के कारण दो पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही। काफी लोगों ने कंधे पर ही साइकिल रख कर रास्ता पार करने में ही गनीमत समझा। तीन एवं चार पहिया वाहन रजदेपुर होकर गुजरे। वाहन अधिक होने के कारण गली में कई बार जाम लग गया। सबसे भयंकर स्थिति दोपहर में हुई जब लालदरवाजा से मिश्र बाजार तक जाम से यातायात ठप हो गया।

जाम से निजात पाने के लिए कई होमगार्ड एवं पुलिस के जवान लोगों को निकालते रहे।

अक्टूबर के पहले सप्ताह तक होगा आवागमन बहाल

स्टेजिंग का काम रविवार से ही शुरू हो गया है। तीन बीम डाली जानी है। बीम के बाद डेक स्लेब का निर्माण होगा। दोनों ओर क्रेश बैरियर बनेगा। अंत में वियरिंग कोट का निर्माण होगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह तक स्टेजिंग पाए हटा दिए जाएंगे।

- वीके कन्नौजिया, सहायक अभियंता, राज्य सेतु निगम।

लगाए गए हैं पुलिस के जवान

आवागमन के लिए पतला रास्ता दिया गया है। आवागमन बहाल करने के लिए पुलिस के जवान लगाए गए हैं। वन-वे ट्रैफिक करने की योजना तैयार की जा रही है। दुर्गा पूजा से पहले शहर की ट्रैफिक वन-वे कर दी जाएगी।

- हफीजुर रहमान, एएसपी सिटी।

chat bot
आपका साथी