पत्रकार की सांस थमने के बाद नेताओं की सियासत शुरू

कांग्रेस सपा बसपा समेत विपक्षी पार्टी के नेताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस की आलोचना की।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Jul 2020 07:06 PM (IST) Updated:Wed, 22 Jul 2020 07:06 PM (IST)
पत्रकार की सांस थमने के बाद नेताओं की सियासत शुरू
पत्रकार की सांस थमने के बाद नेताओं की सियासत शुरू

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : पत्रकार विक्रम जोशी की सांस थमने के बाद नेताओं ने सियासत शुरू कर दी। कांग्रेस, सपा, बसपा समेत विपक्षी पार्टी के नेताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस की आलोचना की। हालांकि, पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपित समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस पर आरोप है कि पत्रकार ने छेड़छाड़ की शिकायत की थी, लेकिन समय रहते आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की गई।

राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा कि रिश्तेदार के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गई। परिवार को मेरी सांत्वना। वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा कि पत्रकार विक्रम जोशी को बेटी के सामने गोली मारी गई। आज उनकी मृत्यु हो गई। यूपी में जंगलराज इस कदर बढ़ गया है कि शिकायत करने के बाद आमजन को बदमाशों का डर सताता है। भाजपा सरकार अपराध के मुद्दे पिछली सरकारों की तरह ही फेल है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने लिखा कि पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या हमारी कानून व्यवस्था पर बहुत सारे सवाल खड़ा करती है। विक्रम जोशी के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा कि अपनी बेटी के साथ बाइक पर जा रहे एक पत्रकार को गोली मारने से प्रदेश की जनता सकते में है। भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाले इन अपराधियों बदमाशों के हौसले किसके बलबूते पर फल फूल रहे हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लिखा कि एक निडर पत्रकार विक्रम जोशी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने पर उत्तर प्रदेश में पत्रकार को गोली मार दी गई। भय का वातावरण फैला हुआ है। स्वाति मालीवाल ने लिखा कि पत्रकार विक्रम जोशी को गुंडों ने कल सरेआम गोली मारी थी। आज सुबह उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। प्रभु से कामना है इस दुख को सहने की शक्ति उन्हें दे। बसपा सुप्रीमो मायावती ने लिखा कि पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मारकर घायल किया गया, जिनकी आज मृत्यु हो जाने पर दुखी परिवार के प्रति बीएसपी की गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही बीएसपी की यह भी मांग है कि यूपी सरकार द्वारा पीड़ित परिवार को आज जो कुछ भी मदद करने की बात कही गई है, उसे सरकार समय से दे और इसके लिए पीड़ित परिवार को अधिकारियों के चक्कर न काटने पड़े। आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने लिखा कि गाजियाबाद के पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या दुखद। रिश्तेदार से छेड़छाड़ के विरोध पर सोमवार को बदमाशों ने उनके सर में गोली मार दी थी। उत्तर प्रदेश में बदमाशों को कानून का खौफ खत्म। हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिहं यादव ने लिखा गाजियाबाद में रिश्तेदार से छेड़छाड़ का विरोध करने व मुकदमा दर्ज कराने पर अपराधियों द्वारा गोली मारने से घायल हुए पत्रकार विक्रम जोशी की इलाज के दौरान मृत्यु की खबर व्यथित करने वाली है। मृतक के परिवार को 25 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

chat bot
आपका साथी