चलती मैजिक में उड़ गए महिला के प्राण

आगरा से टूंडला के लिए हुई थी सवार सवारियां उतरीं तो गिरी नागपुर से आगरा का रेल टिकट बरामद मोबाइल में नहीं थी सिम

By JagranEdited By: Publish:Wed, 17 Jul 2019 10:33 PM (IST) Updated:Thu, 18 Jul 2019 06:19 AM (IST)
चलती मैजिक में उड़ गए महिला के प्राण
चलती मैजिक में उड़ गए महिला के प्राण

संवाद सहयोगी, टूंडला(फीरोजाबाद): आगरा से टूंडला के लिए मैजिक गाड़ी में महिला जब सवार हुई तो बिलकुल ठीक थी। रास्ते में उसने पैसे भी दिए। जब टूंडला में सवारियां उतरीं तो बीच में बैठी महिला धड़ाम से गिरी और फिर नहीं उठी। चलती गाड़ी में महिला के प्राण कब निकल गए, किसी को पता नहीं चला। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

आगरा निवासी मैजिक चालक सोमवीर ने बताया कि बुधवार सुबह करीब सात बजे 45 वर्षीय एक महिला आगरा रामबाग से टूंडला आने के लिए मैजिक में सवार हुई थी। थोड़ी देर चलने के बाद सबसे किराया लिया गया। चालक ने बताया कि टूंडला में सभी सवारियां नीचे उतर आई और महिला लुढ़क गई। उसे नीचे उताकर उठाने की कोशिश की गई, लेकिन सांसें थम चुकी थी। सड़क किनारे पड़ी महिला का शव देखकर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें महिला के पास से 16 जुलाई नागपुर से आगरा का रेल टिकट मिला। इसके अलावा दवाई का पर्चा और कुछ दवाइयां भी हैं। महिला के पास मिले मोबाइल की सिम गायब थी। एसआइ विपिन कुमार व अलबीना बेग ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत हार्टअटैक से होना प्रतीत हो रहा है। मौत का सही कारण जानने को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी