फिरोजाबाद में आज सियासी ताकत दिखाएंगे शिवपाल सिंह यादव व रामगोपाल यादव

सुहागनगरी में आज सैफई परिवार की सियासत गरमाएगी। इस दौरान परिवार में घमासान की पटकथा भी तैयार होगी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sun, 03 Feb 2019 01:04 PM (IST) Updated:Sun, 03 Feb 2019 01:08 PM (IST)
फिरोजाबाद में आज सियासी ताकत दिखाएंगे शिवपाल सिंह यादव व रामगोपाल यादव
फिरोजाबाद में आज सियासी ताकत दिखाएंगे शिवपाल सिंह यादव व रामगोपाल यादव

फिरोजाबाद, जेएनएन। लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाली सुहागनगरी फिरोजाबाद में आज प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के साथ ही समाजवादी पार्टी के थिंक टैंक माने जाने वाले प्रोफेसर रामगोपाल यादव अपनी सियासी ताकत दिखाएंगे।

सुहागनगरी में आज सैफई परिवार की सियासत गरमाएगी। इस दौरान परिवार में घमासान की पटकथा भी तैयार होगी। समाजवादी पार्टी को छोडऩे के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का गठन करने वाले शिवपाल सिंह यादव व समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता प्रो. रामगोपाल यादव आज यहां एक ही दिन सभा करने जा रहे हैं। रामलीला मैदान में प्रसपा के मंच से शिवपाल सिंह यादव बरसेंगे। माना जा रहा है कि शिवपाल सिंह यादव आज फीरोजाबाद से लोकसभा चुनाव लडऩे का भी ऐलान कर सकते हैं। प्रोफेसर रामगोपाल यादव की सभा जसराना विधानसभा क्षेत्र में होगी। इन दोनों के समर्थक पूरी जी-जान से तैयारियों में जुटे हैं।

विधानसभा चुनाव से पहले सैफई परिवार में शुरू हुई रार के कारण अब पार्टी के दो फाड़ हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाकर सूबे की सियासत में नई पारी शुरू करने वाले शिवपाल सिंह यादव ने अपनों को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद प्रोफेसर रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव के बीच बयानबाजी तेज हो गई।

समाजवादी पार्टी का फीरोजाबाद में बागियों ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का दामन थाम आग उगलना शुरू कर दिया। पिछले दिनों प्रोफेसर यादव और उनके सांसद पुत्र अक्षय यादव के खिलाफ हल्ला बोल रैली हुई थी।

अब आज अगली कड़ी के रूप में शिकोहाबाद के रामलीला मैदान में 'हैं तैयार हम' के नाम से रैली की जा रही है। रैली में शिवपाल यादव और उनके पुत्र आदित्य यादव हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। प्रसपा जिलाध्यक्ष अजीम भाई ने बताया कि रैली में शिवपाल सिंह यादव फीरोजाबाद से चुनाव लडऩे का ऐलान करेंगे।

उधर, सपा के गढ़ रहे जसराना में 'एकता महासभा' का आयोजन होगा। सपा से भाजपा के खेमे में शामिल हुए पूर्व विधायक रामवीर सिंह यादव के भतीजे इंजीनियर सचिन यादव सक्रिय हुए हैं। पैढ़त में जनसभा होगी। इसमें रामगोपाल यादव और सांसद अक्षय यादव समेत जिलेभर के तमाम सपा नेता मौजूद रहेंगे। इसके लिए पूरे विस क्षेत्र में जनसंपर्क किया गया। जनसभा में हजारों की संख्या में लोग जुटने का दावा किया जा रहा है।

जाम से जूझेगा शिकोहाबाद का हाईवे

फीरोजाबाद के शिकोहाबाद में प्रसपा की रैली हाईवे किनारे रामलीला मैदान पर होगी। रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की बसें, ट्रैक्टर-ट्राली आएंगे। इसके चलते सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक हाईवे पर जाम के हालात बनने की आशंका है। एसपी ग्रामीण महेंद्र कुमार का कहना है कि पर्याप्त पुलिस बल तैनात होगा। हाईवे पर डेढ़ सौ कांस्टेबिल लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा दस एसओ और 45 सब इंस्पेक्टर लगाए गए हैं। मंडी समिति, बालाजी मंदिर समेत तीन स्थानों पर पार्किंग बनाई है। वाहन हाईवे पर खड़े नहीं होने दिए जाएंगे। जसराना की जनसभा के लिए भी पर्याप्त फोर्स रहेगा। 

chat bot
आपका साथी