यमुना से निकले दो किशोरों के शव, गंगा में चार की तलाश

शुक्रवार को डूबे थे रामनगर के तीन किशोर पीएसी के गोताखोरों ने खोजे कछला घाट पर चलती रही बछगांव के चार लोगों की तलाश गांव में मातम।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 06:36 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 06:36 AM (IST)
यमुना से निकले दो किशोरों के शव, गंगा में चार की तलाश
यमुना से निकले दो किशोरों के शव, गंगा में चार की तलाश

टीम जागरण, फिरोजाबाद: शनिवार को लाइनपार थाना क्षेत्र में यमुना के किनारे और बदायूं के कछला घाट पर गंगा किनारे कोहराम मचा रहा। दशहरे के दिन यमुना में डूबे रामनगर में तीन किशोरों में से दो के शव बरामद हो गए, वहीं कछला घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे चार लोगों का पता नहीं चल सका। पूरे दिन गोताखोरों की टीमें लगी रही।

लाइनपार थाना क्षेत्र के मुहल्ला राम नगर चांदनी प्रेस वाली गली निवासी नीरज बघेल (17) पुत्र रोशन लाल और उसके दोस्त गोपाल राठौर (13) पुत्र योगेश राठौर, विशाल (12) पुत्र साधु सिंह के साथ नया बांस गांव के पास यमुना में नहाते समय डूब गए थे। शनिवार सुबह छह बजे से आगरा से पहुंचे पीएसी के गोताखोरों ने शवों की तलाश शुरू की। सात बजे ईधोन पुल के पास गोपाल का शव मिल गया। वहीं तीसरे पहर चार बजे नीरज बघेल का शव माली पट्टी गांव के पास यमुना से निकाला गया। एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा, सीओ सदर हीरा लाल कनौजिया, इंस्पेक्टर लाइनपार विनोद कुमार सिंह उपस्थित थे। वहीं शुक्रवार दोपहर बदायूं के कछला घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे बछगांव निवासी दीपक गुप्ता(45), कुणाल(17), साहिल(16) और राहुल शर्मा(19) डूब गए थे। वहीं 35 साल के शैलेंद्र और 19 साल के शिवम को लोगों ने बचा लिया था। ग्रामीणों के अनुसार सुबह से शाम तक प्रशासन द्वारा बुलाए गए गोताखोर तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम को आक्रोशित ग्रामीणों ने कछला घाट पर जाम लगाया। प्रशासन के समझाने के बाद देर रात कई लोग गांव वापस आ गए।

- यमुना घाट पर सुबह से डटे रहे विधायक, सैकड़ों की भीड़

शुक्रवार को घटना की जानकारी पर पहुंचे विधायक मनीष असीजा शनिवार सुबह छह बजे यमुना किनारे पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कराया। पीएसी के गोताखोरों ने एक शव एक घंटे में निकाल लिया। इसके बाद तीसरे पहर दूसरा शव निकला। शाम तक विधायक मौके पर मौजूद रहे और परिवारों को मदद का भरोसा दिलाया। दोपहर बाद मेयर नूतन राठौर भी यमुना किनारे पहुंची और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।

--रामनगर में मातम का माहौल, एक किशोर का अंतिम संस्कार

लाइनपार थाना क्षेत्र के मुहल्ला राम नगर चांदनी प्रेस वाली गली के तीन किशोर नदी में डूबने के बाद से मातम का माहौल था। शाम को गोपाल राठौर का शव पहुंचा तो चीत्कार मच गया। वहीं शाम चार बजे बरामद हुए नीरज बघेल के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। -बछगांव में पसरा मातमी सन्नाटा, कछला घाट पर जमे रहे गांव वाले: शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान बछगांव के चार लोगों के डूबने की खबर आते ही गांव वाले शाम को रवाना हो गए थे। शनिवार सुबह से गांव के कई लोग रवाना हो गए और घाट पर जमे रहे। पूरे दिन घरों में केवल महिलाएं ही थी। डूबे हुए चारों लोगों के परिवारों में महिलाएं बिलखती रहीं। कछला घाट पर मौजूद लोगों ने बताया कि शाम तक शवों का पता नहीं चला है। रविवार सुबह फिर से तलाश की जाएगी। गोताखोरों का न होता विवाद तो बच जाती जानें: बछगांव के ग्रामीणों ने बताया कि घाट पर हमेशा गोताखोर रहते हैं। शुक्रवार सुबह उनके बीच झगड़ा हुआ था, जिस समय घटना हुई उस समय गोताखोरों का चौकी पर समझौता चल रहा था। उन्हें पहुंचने में 20 मिनट लग गए और चारों डूब गए।

chat bot
आपका साथी