कोहरे की तनी रही चादर, नहीं निकले सूर्यदेव

रविवार को कड़ाके की सर्दी से प्रभावित हुआ जनजीवन रात से छाया घना कोहरा दिन भर चलती रही शीत लहर।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 05:08 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 05:08 AM (IST)
कोहरे की तनी रही चादर, नहीं निकले सूर्यदेव
कोहरे की तनी रही चादर, नहीं निकले सूर्यदेव

जागरण टीम, फीरोजाबाद: घना कोहरा, ओस की बूंदें और शीतलहर। रविवार को पूरे दिन जिले का कुछ ऐसा ही हाल रहा। कंपकंपाने वाली ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से घना कोहरा होने के कारण हाईवे और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। ट्रेनें तीन से चार घंटे देरी तक चलीं। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ा। न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जिले में तीन-चार दिन से सुबह घना कोहरा छाने के साथ सर्द हवाएं चल रही हैं, लेकिन दिन में धूप खिलने से लोगों को गलन भरी सर्दी से थोड़ी राहत मिल रही थी। शनिवार की रात से ही कोहरा पड़ने लगा। रविवार सुबह लोग जागे तो घर आंगन और सड़कों पर सफेद चादर तनी देख कंपकंपी छूट गई। लोगों को उम्मीद थी कि दिन चढ़ने के साथ कोहरा कम होगा और धूप निकलेगी, लेकिन शाम तक ऐसा नहीं हुआ। कोहरा तो थोड़ा कम हुआ, लेकिन सूर्य देव बादलों में छिपे रहे। दिनभर शीत लहर चलने से सर्दी और बढ़ गई। हर कोई ठिठुरता नजर आया। शहर से लेकर गांव तक ठंड का असर देखा गया। कोई लकड़ी तो कोई कूड़ा जलाकर ताप रहा था। इसके बाद भी ठंड दूर नहीं हो रही थी। छुट्टी का दिन होने के कारण नौकरीपेशा, शिक्षक, छात्र छात्राओं ने घर पर रहकर मौसम का आनंद लिया। शाम को गलन काफी बढ़ गई।

- कोहरे के चलते दर्जनों ट्रेनें हुई लेट

टूंडला में रविवार को घने कोहरे का असर रेल यातायात पर देखने को मिला। अप व डाउन की एक दर्जन से अधिक ट्रेनें एक से तीन घंटे की देरी से चली। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। अप लाइन की कोलकता-नई दिल्ली राजधानी एक घंटे, राजेन्द्र नगर पटना-नई दिल्ली राजधानी डेढ़ घंटे, संपूर्ण क्रांति डेढ़ घंटे, सियालदाह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस एक घंटे, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, नंदन कानन एक्सप्रेस एक घंटे प्रभावित रही। हावड़ा-तिलकगढ़ एक्सप्रेस टूंडला स्टेशन पर खड़ी रही।

----

सांई सेवा समिति ने गरीबों को रात में पिलाई चाय

शिकोहाबाद में श्री सत्य साई सेवा समिति द्वारा रविवार की देर शाम शहर के विभिन्न स्थलों व फुटपाथ पर सो रहे गरीब, असहाय लोगों को चाय पिलाई गई। जिलाध्यक्ष पुष्कर तिवारी ने कहा कि समिति द्वारा गरीबों के लिए रात में चाय की सेवा शुरू की गई है। समिति सदस्यों ने रात में एटा तिराहा, मैनपुरी चौराहा, रैन बसेरा के साथ सड़क पर सर्दी से ठिठुरते रिक्शा चालकों को चाय पिलाई तथा बिस्कुट के पैकेट वितरित किए। इसमें अखिलेश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सत्यम शर्मा, अनिल गुप्ता, हर्ष गुप्ता, आयुष गुप्ता ने सहयोग किया।

chat bot
आपका साथी