अनदेखी का शिकार हाईवे

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : हाईवे पर आवागमन असुरक्षित है। शहरी क्षेत्र अंतर्गत जगह-जगह कट हैं तो डि

By Edited By: Publish:Sun, 23 Nov 2014 06:23 PM (IST) Updated:Sun, 23 Nov 2014 06:23 PM (IST)
अनदेखी का शिकार हाईवे

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : हाईवे पर आवागमन असुरक्षित है। शहरी क्षेत्र अंतर्गत जगह-जगह कट हैं तो डिवाइडर अस्त-व्यस्त। रेलिंग भी जगह-जगह से गायब हैं। ऐसे में लोग कट से होकर निकल रहे हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बने हुए हैं। यह हाल तब है जब डीएम कई बार हाईवे अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

हाईवे के अफसरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग- टू बनाने के बाद भुला सा दिया। निर्माण के समय न सिर्फ मानकों को तिलांजलि दी गई, बल्कि आज भी यहां बदहाली का आलम है। अनगिनत कट मौत के वाहक बने हुए हैं। कई जगह से रेलिंग गायब है। सुहाग नगर चौराहा से नगला भाऊ तक कई जगह हाईवे से रेलिंग गायब है। इसी तरह नगला भाऊ से राजा का ताल तक दोनों साइड में फुटपाथ पर बने होल से ढक्कन गायब हैं। रात्रि में पैदल वाले इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। तहसील मोड़ पर हाईवे पर गड्ढे हो गए हैं, लेकिन इनकी मरम्मत की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। सर्वाधिक बुरा हाल तो तहसील मोड़ पर है। यहां डिवाइडर भी अस्त-व्यस्त रखे हुए हैं। ऐसे में लोग साइकिल आदि को उठाकर व पैदल यहां से अक्सर गुजरते रहते हैं। इसी तरह हाईवे किनारे का भाग भी असुरक्षित है। यहां पूरी तरह बदहाली का आलम है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

खूनी चौराहों पर कोई इंतजाम नहीं

फीरोजाबाद से सिरसागंज तक हाईवे पर करीब आधा दर्जन खूनी चौराहे हैं। राजा का ताल, जाटवपुरी, दीवानी चौराहा, कलक्ट्रेट चौराहा, बिल्टीगढ़ चौराहा, शिकोहाबाद चर्च तिराहा, सिरसागंज मैनपुरी चौराहे पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन हाईवे अधिकारियों ने यहां होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने संबंधी कोई उपाय नहीं किए हैं।

डीएम के निर्देश बेअसर

डीएम विजय किरन आनंद ने हाईवे अधिकारियों को हाईवे पर जेब्रा लाइन, खराब मार्ग सही कराने, टूटी रेलिंग लगवाने, डिवाइडर लगवाने और कट बंद कराने संबंधी निर्देश कई बार दिए हैं, मगर इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। केवल कुछ स्थानों पर खराब सड़क को सही करा दिया गया है।

chat bot
आपका साथी