पेयजल को तरसे कश्मीरी गेट के बाशिंदे, आक्रोश

By Edited By: Publish:Wed, 16 Apr 2014 06:55 PM (IST) Updated:Wed, 16 Apr 2014 06:55 PM (IST)
पेयजल को तरसे कश्मीरी गेट के बाशिंदे, आक्रोश

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद :

गर्मी की तपिश बढ़ने के साथ ही लोगों के कंठ भी सूखते जा रहे हैं। नगर पालिका जनता को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। बुधवार को पेयजल को लेकर परेशान महिलाएं नगर पालिका पहुंची और अपना दुखड़ा रोया।

रामगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कश्मीरी गेट क्षेत्र की जनता भी पेयजल को तरस रही है। यह समस्या कोई नई नहीं, बल्कि दो माह पुरानी हो चुकी है। अब तक मौसम में गर्मी न होने के कारण लोग इधर-उधर से काम चला रहे थे। गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल की अधिक खपत हो गई है। ऐसे में यहां के बाशिंदे पेयजल को लेकर खासे परेशान हैं। पीने के पानी को उन्हें दूरदराज की दौड़ लगानी पड़ रही है। बुधवार को यहां तकरीबन एक दर्जन महिलाएं नगर पालिका पहुंची, लेकिन वहां कोई अधिकारी नहीं मिला। इसके बाद वह जलकल संस्थान पहुंची। यहां मौजूद जलकल अभियंता मुंशीलाल वर्मा को उन्होंने अपनी समस्या से अवगत कराया। बताया गया कि यहां पाइप लाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन अभी तक उनकी गली वाली पाइप लाइन में सप्लाई को ज्वाइंट नहीं किया गया है। कई बार इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। अभियंता ने उनकी समस्या का समाधान किए जाने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में जलकल अभियंता मुंशीलाल वर्मा ने बताया कुछ महिलाएं मिलीं थी, जिनकी समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा। गर्मी बढ़ने के साथ ही कई मुहल्लों में पेयजल संकट बढ़ गया है। अब तक नई आबादी के नगला पीपलिया, करबला, शीशग्रान और छतरी वाला कुआं क्षेत्र के बाशिंदे भी पीने के पानी को तरस रहे हैं। शीशग्रान व छतरी वाला कुआं के बाशिंदे तो मतदान के बहिष्कार का भी निर्णय ले चुके हैं।

chat bot
आपका साथी