एक महीने बाद भी नहीं बन सका पीपा पुल

किशुनपुर, संवाद सूत्र : यमुना नदी में बनने वाला पीपा पुल एक महीने की देरी के बाद भी नहीं बनकर तैयार

By Edited By: Publish:Wed, 26 Nov 2014 05:40 PM (IST) Updated:Wed, 26 Nov 2014 05:40 PM (IST)
एक महीने बाद भी नहीं बन सका पीपा पुल

किशुनपुर, संवाद सूत्र : यमुना नदी में बनने वाला पीपा पुल एक महीने की देरी के बाद भी नहीं बनकर तैयार हो सका है। कार्यदायी संस्था व विभागीय अधिकारियों से लोग हीलाहवाली का आरोप मढ़ रहे हैं। कस्बे के व्यापारियों का कहना है पीपा पुल न बनने से बांदा, चित्रकूट आदि जनपदों से आने वाले व्यापारी व किसानों की संख्या न के बराबर है। जिससे गल्ला, किराना व अन्य कारोबार प्रभावित हो रहा है।

प्रति वर्ष निश्चित समय से देरी में बनते आ रहे पीपा पुल निर्माण को लेकर कस्बे के लोगों का कहना है जिम्मेदार विभाग के अधिकारी समस्या को लेकर जरा भी संजीदा नही हैं। किशुनपुर कस्बे तक आने वाले लोगों को पीपा पुल न होने की वजह से नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। कमासिन, बांदा व दूसरे स्थानों से आने वाले लोगों को नाव के इंतजार में घंटों का समय बर्बाद करना पड़ता है। बांदा जनपद से आए देवकली, रमेश, सुमित्रा, रानी देवी, फूलचन्द्र आदि ग्रामीणों का कहना था कई बार शाम को नाव के इंतजार में घर पहुंचने में रात हो जाती है। कस्बावासी कन्धई अग्रवाल, तन्नू सिंह, सुजीत, प्रमोद कुमार अग्रवाल, दुर्गा गुप्ता आदि लोगों का कहना है नदी पार करने की असुविधा की वजह से कस्बे का व्यापार प्रभावित हो रहा है। इससे पूर्व में भी 15 अक्टूबर तक बनकर तैयार होने वाले पीपा पुल निर्माण में महीनों की देरी होती रही है। लोगों का कहना है औगासी, अढ़ावल व बारा घाट में पीपा पुल बनकर तैयार हो चुके हैं। जिनमे यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। कस्बावासी बताते हैं कि कार्यदायी संस्था पीडब्लूडी अधिकारियों से मुलाकात कर पुल निर्माण में तेजी लाने की गुजारिश की। लेकिन कोई प्रभाव निर्माण में नहीं हुआ है।

क्या कहते जिम्मेदार

यमुना नदी में कई धाराएं होने की वजह से काम देरी से शुरू हुआ है। छोटे-छोटे हिस्सों में पीपा पुल तैयार करने का काम जारी है। प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द आवागमन के लिए पुल तैयार करके दिया जा सके।

- आरके कुशवाहा,पीडब्लूडी

chat bot
आपका साथी