लॉकडाउन में लिफ्ट देने के बहाने लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

संसू मयाबाजार (अयोध्या) महराजगंज पुलिस ने लूट व चोरी की घटना का अनावरण करते हुए चोरी की बाइक सहित दो लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। फरार एक लूटेरे की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 15 Apr 2020 09:59 PM (IST) Updated:Wed, 15 Apr 2020 09:59 PM (IST)
लॉकडाउन में लिफ्ट देने के बहाने लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
लॉकडाउन में लिफ्ट देने के बहाने लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

अयोध्या: लॉकडाउन में पैदल अपने घरों को जा रहे मजदूरों को लिफ्ट देने के बहाने उन्हें लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। महराजगंज पुलिस ने चोरी की बाइक सहित दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। यह बदमाश पैदल जा रहे मजदूरों को बाइक पर बैठाते थे इसके बाद उन्हें लूट लेते थे। 10 दिन पहले अंबेडकरनगर जिले के खेमापुर निवासी राजकुमार को बाइक से लिफ्ट देने के बहाने एक युवक ने लूट लिया था। वह कानपुर से अंबेडकरनगर जा रहे थे।

घटना महराजगंज थाना क्षेत्र में अलनाभारी गांव के समीप हुई थी। बदमाश के साथ उसके दो अन्य साथी थे। राजकुमार से छह हजार रुपये व मोबाइल लूट कर बदमाश फरार हो गए। राजकुमार ने मामले की सूचना महराजगंज पुलिस को दी। इस बीच गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रजपलिया गांव के विकास प्रजापति से भी मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। मंगलवार की रात नेवकबीरपुर के पास बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए दोनों लुटेरों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इनकी पहचान रवि दुबे निवासी सोनबरसा व शुभम सिंह निवासी कल्याणपुर बरौली थाना महराजगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि उनके पास जो बाइक है वह डेढ़ माह पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के जनौरा गांव से चोरी की गई थी। दोनों युवकों ने अपने फरार तीसरे साथी का नाम आशुतोष सिंह उर्फ बब्बू सिंह निवासी अमौनी थाना महराजगंज बताया है। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि फरार चल रहा बब्बू सिंह गिरोह का सरगना है। उसकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी