गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा को घेरा

हार्दिक पटेल ने अयोध्या में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता से मंदिर बनाने का वादा तो जरूर किया, लेकिन अभी तक मंदिर नही बनवाया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 29 Dec 2018 11:44 AM (IST) Updated:Sat, 29 Dec 2018 03:18 PM (IST)
गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा को घेरा
गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा को घेरा

अयोध्या, जेएनएन। किसान क्रांति सेना के अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने आज भगवान राम की नगरी में भाजपा सरकार को राम मंदिर मुद्दे पर घेरा। पटेल लखनऊ से कुशनीगर जाते समय कुछ देर के लिए अयोध्या में रुके थे।

गुजरात में पाटीदारों के नेता हार्दिक पटेल अब उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन तैयार कर रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता से मंदिर बनाने का वादा तो जरूर किया, लेकिन अभी तक मंदिर नही बनवाया है। सिर्फ भाजपा की सरकार ही भगवान राम के साथ भी छल कर सकती है। जो पार्टी भगवान के साथ छल कर सकती है, वह तो जनता को भी छलेगी। राम मंदिर का निर्माण न कराना जनता के साथ बड़ छल है। भाजपा करोड़ों लोगों की आस्था के साथ खेल रही है।

हार्दिक पटेल ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने विवादित ढांचे का ताला खुलवाया था। इसके विपरीत भाजपा बार-बार सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा मंदिर के अलावा भी देश में और भी समस्याएं हैं। लोगों को रोजगार की जरूरत है। किसानों की समस्याओं को निराकरण करने की जरूरत है। केंद्र सरकार को किसानों की भलाई के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करना चाहिए।

हार्दिक पटेल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं। यहां पर लूट, डकैती व बलात्कार की घटनाएं यहां पर आम हो गई हैं। यहां पर तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम के नाम पर लोगों को दुखी कर रहे हैं, जबकि भगवान राम ने अपनी प्रजा को सुखी करने का काम किया था। योगी आदित्यनाथ ने हनुमान जी को दलित बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा भगवान को जाति में बाटने का काम कर रही है इसका मतलब साफ है कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। राम मंदिर और बाबरी मस्जिद मामले में उन्होंने कहा कि सभी धर्मों को बराबर का प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

हार्दिक पटेल उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन बनाने निकले हैं। उनका लक्ष्य किसानों और युवाओं के बीच काम करने का है। हार्दिक का कहना है कि वह जातीय राजनीति को महत्व नहीं देते, वह यूपी में केवल किसानों और युवाओं को जोडऩे का काम करने में जुटे हैं। वह कहते हैं कि हम केवल किसानों के अधिकार और युवाओं के रोजगार दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे।

हार्दिक ने कहा कि यूपी सरकार और केंद्र सरकार ने कोई काम नहीं किया। एक सिर्फ नाम बदलता है तो दूसरा केवल झूठ बोलता है। जनता नाराज है। हम नाराजगी के सवाल को घर-घर तक पहुंचाएंगे। अभी कुछ जिलों में घूम रहे हैं। किसानों के बीच जा रहे हैं, युवाओं को जोड़ रहे हैं। हमने यहां अपना संगठन खड़ा करना शुरू कर दिया है। प्रदेश इक़ाई बन गई है। भाजपा केवल हिंदू-मुसलमान को बांटकर काम करती है। हमें हिंदू-मुसलमान से खतरा नहीं है। हमें केवल कट्टरता से खतरा है।

हार्दिक पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए अगर बसपा तथा सपा का गठबंधन हो गया तो भाजपा यहां पर दस सीट पर ही सिमट जाएगी। हम तो किसानों और नौजवानों के बीच काम करेंगे। अभी तो हमने चुनाव लडऩे के बारे में तो नहीं सोचा है पर देखते हैं आगे क्या होता है।

chat bot
आपका साथी