गुजरात में डेढ़ करोड़ की डकैती का वांछित अयोध्‍या से गिरफ्तार

गुजरात के व्यापारी के यहां गत वर्ष 2018 में हुई थी डकैती। अयोध्‍या में गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने की फायरिंग।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 09 Mar 2019 07:46 PM (IST) Updated:Sat, 09 Mar 2019 07:46 PM (IST)
गुजरात में डेढ़ करोड़ की डकैती का वांछित अयोध्‍या से गिरफ्तार
गुजरात में डेढ़ करोड़ की डकैती का वांछित अयोध्‍या से गिरफ्तार

अयोध्या, जेएनएन। गुजरात के मेहसाणा जिले में हुई डेढ़ करोड़ की डकैती में वांछित अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के तकपुरा निवासी अंकित वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, लेकिन पुलिसकर्मी बच गए।

गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर भागने का प्रयास किया, जिसे काबू में करने की कोशिश में उपनिरीक्षक राघवेंद्र यादव और आरक्षी बृजेश यादव को चोटें भी आईं। अंकित को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। गुजरात का मेहसाणा जिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृहक्षेत्र है। 

सीओ अयोध्या अमर सिंह ने बताया कि गुजरात के व्यापारी के यहां गत वर्ष 2018 में डकैती हुई थी। छानबीन कर रही गुजरात पुलिस के हाथ कुछ बदमाश चढ़े थे, जिनसे पूछताछ में अंकित का नाम सामने आया था। चौकी प्रभारी दर्शननगर अरविंद तिवारी ने बताया कि अंकित को गिरफ्तार करने के लिए उपनिरीक्षक राघवेंद्र यादव और आरक्षी बृजेश यादव तथा राजकुमार ने घेराबंदी की थी।

अंकित का जिले में कोई अपराधिक इतिहास नहीं है। पूछताछ में सामने आया है कि अंकित और उसके गिरोह के आठ सदस्य गुजरात में लूटपाट करते हैं। गिरफ्तारी से पूर्व गत वर्ष 19 दिसंबर को गुजरात पुलिस ने कुमारगंज से दो युवकों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने मेहसाणा में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों घटनाओं के तार जुड़े होने की आशंका में पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन कोई तार नहीं जुड़ सका है। 

chat bot
आपका साथी