बार्डर पर पहुंचा किसानों का जत्था
किसान संगठनों की गतिविधियों पर पैनी नजर नई रणनीति बनाने में जुटीं किसान यूनियनें
जासं, एटा: अखिल भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों का जत्था शनिवार को दिल्ली-नोएडा के गाजीपुर बार्डर तक पहुंच गया, जबकि पुलिस संगठनों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। यह किसान गिनी-चुनी संख्या में ही पहुंच पाए हैं।
अखिल भारतीय किसान यूनियन के यहां चल रहे धरना पर शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पहुंचे थे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए दिल्ली की ओर जाने की इजाजत नहीं दी थी। इसके बाद यूनियन ने अपनी रणनीति बदली और प्रतिनिधिमंडल के रूप में चुनिदा किसान नेता बार्डर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी के नेतृत्व में पहुंच गए। उधर, बार्डर पर भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में किसान पहले से ही डेरा डाले हुए हैं। यहां से प्रदर्शन करते हुए जाने की इजाजत भले ही नहीं है, मगर भाकियू भानु के किसान अलग-अलग तरीके से पहुंच रहे हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन की इस ओर नजर है कि कोई भी ट्रैक्टर-ट्राली भरकर दिल्ली की ओर कूच न कर पाए। भाकियू भानु ने एटा से दिल्ली कूच कर 11 दिसंबर को एलान किया था, लेकिन पुलिस ने किसान नेताओं को नजरबंद करके उनके इरादों पर पानी फेर दिया। किसान संगठन अब आंदोलन के संचालन के लिए नई रणनीति बनाने में जुटे हैं।