नाराज उपभोक्ताओं ने लगाया जाम

By Edited By: Publish:Thu, 10 Apr 2014 11:21 PM (IST) Updated:Thu, 10 Apr 2014 11:21 PM (IST)
नाराज उपभोक्ताओं ने लगाया जाम

जागरण संवाददाता, देवरिया : रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रहीं हैं। पर्ची कटाने के बाद गैस के लिए सिलेंडर लेकर किसान रोज लाइन लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही। गुरुवार को घंटों में लाइन में खड़े रहने के बाद भी गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने बड़कागांव चौराहा पर जाम लगा दिया। उपजिलाधिकारी राजितराम प्रजापति के हस्तक्षेप पर डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

बरहज में भी रसोई गैस संकट के आसार दिखने लगे हैं। कंपनियों का बैकलाग नासूर बनता जा रहा है। हालत यह है कि अब 21 दिन के बजाय डेढ़ महीने पर भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। गुरुवार को सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया और सड़क पर सिलेंडर रखकर बरहज-देवरिया मार्ग को सुबह दस बजे जाम कर दिया। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर वितरण में मनमानी का आरोप लगाया। रामजतन यादव, गोपाल पासवान, नथुनी दुबे, हरेन्द्र, दिग्विजय, अनिल यादव, किशन कुमार आदि का कहना था कि बकौल एजेंसी संचालक कंपनी से ही सिलेंडर की आपूर्ति कम हो रही है ऐसे में समय से आपूर्ति देना संभव नहीं है।

गैस की आवक कम होने से एजेंसी की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुरुवार को संचालक केदार जायसवाल ने जिलाधिकारी मणि प्रसाद मिश्र को प्रत्यावेदन सौंपा। पत्रक में कहा गया है कि मांग के सापेक्ष आपूर्ति काफी कम है। प्रतिदिन लगभग साढ़े ग्यारह सौ बुकिंग के सापेक्ष मात्र 296 सिलेंडर मिल पा रहे हैं। मार्च माह में मात्र 2990 सिलेंडर मिले हैं। बार-बार कहे जाने के बाद भी कंपनी आपूर्ति नहीं बढ़ा रही है।

chat bot
आपका साथी