चांद का किया दीदार, पति के दीर्घायु की मांगी मन्नतें

बड़े बुजर्गों का लिया आशीर्वाद पतियों ने जल ग्रहण कराकर तोड़वाया उपवास

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Nov 2020 12:50 AM (IST) Updated:Thu, 05 Nov 2020 12:50 AM (IST)
चांद का किया दीदार, पति के दीर्घायु की मांगी मन्नतें
चांद का किया दीदार, पति के दीर्घायु की मांगी मन्नतें

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : सुहागिनों ने अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए बुधवार को करवा चौथ का व्रत रखा। अखंड सुहाग की रक्षा के लिए पूजन अर्चन किया। निर्जला व्रत रहकर चांद का चलनी से दीदार किया। सुहागिनों ने पति की सलामती एवं उन्नति की कामना की। शाम को चांद निकलने से पहले पूजा की और चंद्रदर्शन के बाद सुहागिनों ने व्रत तोड़, पति व अपने बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दिन भर निर्जला व्रत रहने के बाद देर शाम सुहाग के जोड़े में सज-संवरकर महिलाओं ने चंद्रमा व गणेश भगवान की पूजा-अर्चना की। करवा के जरिए पतियों ने पानी पिलाकर पत्नियों का उपवास तोड़वाया। घरों में तरह-तरह के पकवान बनवाने व पूजा-अर्चना की तैयारियों में मशगूल महिलाओं के साथ बच्चे भी खासे उत्साहित नजर आए। महिलाओं का मानना है कि करवा चौथ पर चंद्रमा उदय होने के बाद सुहागिनें इनकी विधि विधान से पूजा अर्चना करती हैं तथा चलनी से चांद का दीदार करती हैं। इसके बाद व्रत तोड़ते हुए पति के हाथों से ही जल और फल ग्रहण करती हैं। परंपरा के अनुसार सुबह श्री गणेश भगवान, शिवजी एवं मां पार्वती की पूजा की। महिलाओं का मानना है कि इससे अखंड सौभाग्य, यश एवं कीर्ति की प्राप्ति होती है। चंदौली नगर, ग्रामीण क्षेत्रों में करवा चौथ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने दिन भर निर्जला व्रत रखकर देर शाम चंद्र दर्शन कर घर के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। पतियों ने जल ग्रहण कराकर उनका व्रत का पारण कराया। पूरे दिन घरों में महिलाएं व उनके परिवार के लोग पूड़ी पकवान, मिष्ठान बनाने में व्यस्त रहे। शाम को चंद्र दर्शन होते ही परिवार के लोग एक साथ एकत्र हुए और पूजा अर्चना की।

chat bot
आपका साथी