मतदाता सूची में दर्ज कराएं नाम, एक नवंबर से प्रक्रिया शुरू

विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू होगी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 29 Oct 2021 03:50 PM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 03:50 PM (IST)
मतदाता सूची में दर्ज कराएं नाम, एक नवंबर से प्रक्रिया शुरू
मतदाता सूची में दर्ज कराएं नाम, एक नवंबर से प्रक्रिया शुरू

जागरण संवाददाता, चंदौली : विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू होगी। इसको लेकर निर्वाचन आयोग ने गाइडलाइन जारी कर दी है। एक नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद दावा और आपत्तियों का सिलसिला शुरू होगा। इस दौरान चार तिथियों पर नामावली पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। दावा और आपत्ति के निस्तारण के बाद सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक एक नवंबर को निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। सूची तहसील कार्यालयों में चस्पा की जाएगी। इसके बाद दावा और आपत्ति का क्रम शुरू होगा। एक से 30 नवंबर तक लोग सूची में नाम शामिल करने, मृतकों-शिफ्टेड के नाम काटने और त्रुटियों के संशोधन के लिए दावा और आपत्ति दाखिल कर सकते हैं। 20 दिसंबर को दावा और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद पांच जनवरी को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद सूची में कोई संशोधन नहीं होगा। आयोग के आदेश पर पूरक सूची तैयार की जा सकती है।

जानिए महत्वपूर्ण तिथियां

एक माह तक चलने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान चार तिथियों पर विशेष अभियान का आयोजन किया जाएगा। सात, 13, 21 व 27 नवंबर को नामावली पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ बूथों पर उपस्थित होकर सूची में लोगों के नाम शामिल कराने के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे। अधिकारियों की टीम बूथों का भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति जांचेगी। इस दौरान यदि कोई बीएलओ गायब मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

आनलाइन सूची में शामिल करा सकते हैं नाम

युवा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन की सुविधा मौजूद है। सत्यापन के बाद उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाएगा। वहीं नए मतदाताओं का मतदाता पहचान पत्र बनाकर उन्हें वितरित किया जाएगा। ताकि मतदान में किसी तरह की असुविधा न होने पाए।

' मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए एक नवंबर से विशेष अभियान की शुरूआत होगी। इस दौरान नए मतदाता का नाम सूची में शामिल करने के साथ ही मृतकों-शिफ्टेड के नाम काटने व संशोधन का काम किया जाएगा। प्रक्रिया की मानीटरिग की जाएगी।

संजीव सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी

chat bot
आपका साथी