प्रत्याशियों के लिए भागदौड़ के बाद आई सुकून की सुबह

नामांकन के बाद से ही भाजपा गठबंधन और कांग्रेस प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए भागदौड़ में जुट गए थे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Apr 2019 11:18 PM (IST) Updated:Fri, 19 Apr 2019 11:18 PM (IST)
प्रत्याशियों के लिए भागदौड़ के बाद आई सुकून की सुबह
प्रत्याशियों के लिए भागदौड़ के बाद आई सुकून की सुबह

बुलंदशहर : नामांकन के बाद से ही भाजपा, गठबंधन और कांग्रेस प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए भागदौड़ में जुट गए थे। लोकसभा क्षेत्र बड़ा होने के कारण हर दिन गाड़ी से सैकड़ों किमी की यात्रा और पैदल चलना काफी थका देने वाला रहा। मतदान के बाद सभी प्रत्याशी रात में चैन से सोए। शुक्रवार को जल्दी उठने की चिंता भी नहीं रही। सभी ने चाय की चुस्की के बीच गुणा-गणित लगाया। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी प्रत्याशियों के आवास पर पहुंचे।

------

पार्टी पदाधिकारियों के साथ शुरू हुआ भोला सिंह का दिन

पिछले कई दिनों से भाजपा प्रत्याशी डा. भोला सिंह चुनावी तैयारियों में व्यस्त थे। इस कारण कई अपनों से भी बातचीत नहीं हो सकी थी। शुक्रवार की सुबह भोला सिंह के लिए कुछ राहत भरी रही। वह आराम से उठे और चाय पीने के बाद यमुनापुरम स्थित अपने आवास पर पदाधिकारियों के साथ चर्चा शुरू हुई। खुशनुमा माहौल में सबने अपना गणित बताया। करीब घंटाभर बातचीत चली। दोपहर तक लोगों से मिलना जारी रहा।

---------

योगेश ने मेरठ से पहुंचकर शुरू किया हिसाब-किताब

गठबंधन प्रत्याशी योगेश वर्मा गुरुवार की रात मतदान के बाद मेरठ स्थित अपने घर के लिए निकल गए। रात में वह वहीं रुके और सुबह वापस बुलंदशहर के यमुनापुरम स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने राह देख रहे कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और मतदान को लेकर चर्चा शुरू हुई। हल्के-फुल्के माहौल में ग्रीन टी के साथ मंथन हुआ। पदाधिकारियों ने प्रचार के दौरान सामने आए कुछ दिलचस्प वाकये भी साझा किए। योगेश ने बताया कि अब वह क्षेत्र में निकलेंगे और तमाम पदाधिकारियों से मुलाकात कर आभार व्यक्त करेंगे।

----------

बंशी सिंह ने चाय से मिटाई थकान, खुर्जा में किया विश्राम

कांग्रेस प्रत्याशी बंशी सिंह पहाड़िया भी कई दिनों बाद चैन की नींद सो सके, हालांकि उनका स्वास्थ्य थोड़ा बिगड़ा हुआ था। मतदान प्रक्रिया के बाद वह रात में ही खुर्जा स्थित अपने आवास पर चले गए और कई दिनों के बाद परिवार से मिले। रात में आराम करने के बाद शुक्रवार सुबह कुछ देरी से जागे और अपने परिचितों से मुलाकात कर चुनाव और मतदान पर चर्चा की। आराम से स्नान आदि करने के बाद बुलंदशहर के लिए रवाना हुए। यहां स्वास्थ्य जांच कराने के साथ पार्टी के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।

chat bot
आपका साथी