अभिनय के मंच पर जलवा दिखाएंगे 'बेगुनाह बंदी'

बात चौकाने वाली है पर सही है। अब जरायम की दुनिया में बड़ा नाम कमा चुके शातिर रंगमंच पर भी अपने हुनर का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 29 Nov 2019 11:04 PM (IST) Updated:Sat, 30 Nov 2019 06:05 AM (IST)
अभिनय के मंच पर जलवा दिखाएंगे 'बेगुनाह बंदी'
अभिनय के मंच पर जलवा दिखाएंगे 'बेगुनाह बंदी'

बुलंदशहर, जेएनएन: बात चौकाने वाली है पर सही है। अब जरायम की दुनिया में बड़ा नाम कमा चुके शातिर रंगमंच पर भी अपने हुनर का जलवा बिखेरते नजर आएंगे। हालांकि रंगमंच जेल की चारदीवारी के अंदर होगा। इसके कलाकार और दर्शक भी कैदी और बंदी ही होंगे। जेल में मंचित होने वाला पहला नाटक बेगुनाह बंदी होगा।

अभी कुछ दिन पहले ही जिला कारागार में बंद कैदियों और बंदियों के मनोरंजन को जेल रेडियो का आगाज हो चुका है। अब एक कदम और आगे बढ़ते हुए कैदियों और बंदियों के लिए अभिनय का मंच भी जेल में तैयार किया जा रहा है। अपनी अदाकारी के जलवे दिखाने के लिए कैदी और बंदियों भी काफी उत्साह है। पिछले दो सप्ताह से अभिनय की बारीकियां उनको सिखाई जा रही है। साथ ही जेल जीवन पर आधारित नाटक भी तैयार किया जा रहा है। जेल सुधार का अभियान चला रहे प्रदीप रघुनंदन ने बताया कि जेल में बंद कैदी और बंदी भारी अवसाद का शिकार है। ऐसे में अभिनय के माध्यम से जहां उनका मनोरंजन होगा, वहीं ह्दय परिवर्तन की राह भी खुलेगी। इसके माध्यम से उन्हें समाज की मुख्य धारा से फिर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

पुणे से आएंगे अभिनय सिखाने वाले

फिल्म एवं टीवी प्रशिक्षण संस्थान पुणे से अभिनय की मास्टर डिग्री प्राप्त प्रभात कुमार दिसंबर के पहले सप्ताह में जेल पहुंचेंगे और बंदी व कैदियों को अभिनय के गुरु सिखाएंगे। नाटक में भूमिका, ड्रेस डिजाइन, डायलॉग बोलने आदि की जानकारी भी विशेषज्ञ देंगे। नाटक मंचन के लिए जेल परिसर में मंच भी तैयार कराया जा रहा है।

इनका कहना है..

जेल में बंद कैदियों और बंदियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन जेल में बंद होने के कारण वे अवसाद का शिकार हैं, ऐसे में उनको अभिनय का प्रशिक्षण देकर नाटक मंच के लिए तैयार किया जा रहा है।

-प्रदीप रघुनंदन, जेल सुधारक अभिनय के माध्यम से कैदी और बंदी अपने मन के भाव व्यक्त कर सकते हैं। साथ ही उनका मनोरंजन भी होगा। नाट्य ग्रुप ड्रीम मैकर्स का गठन किया गया है। बंदी नाटक मंचन का प्रशिक्षण ले रहे हैं।

-ओपी कटियार, जेल अधीक्षक।

chat bot
आपका साथी