यह कुछ अलग तरह की 'महाभारत' है

बुलंदशहर : आपने अगर महाभारत नहीं पढ़ी होगी तो टीवी में महाभारत सीरियल जरूर देखा होग

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Mar 2018 10:18 PM (IST) Updated:Mon, 26 Mar 2018 10:18 PM (IST)
यह कुछ अलग तरह की 'महाभारत' है
यह कुछ अलग तरह की 'महाभारत' है

बुलंदशहर : आपने अगर महाभारत नहीं पढ़ी होगी तो टीवी में महाभारत सीरियल जरूर देखा होगा। उसमें पांडव जुए में द्रोपदी को हार गए थे। ऐसी ही 'महाभारत' का जुए वाला सीन यहां भी दिखा। एक जुआरी पति को जुए की ऐसी लत लगी कि जब उसके पास कुछ नहीं बचा तो उसने पत्‍‌नी और दो बेटों को दांव पर लगा दिया। जीतने वाले 'कौरव' महिला को लेने घर पहुंच गए। यहां सीन कुछ बदला और महिला ने एक बच्चे को देकर अपनी व दूसरे बच्चे की जान बचाई। इस घटनाक्रम से महिला इतनी आहत हुई कि उसने पति को तलाक दे दिया और दूसरे से निकाह कर लिया।

नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने सीजेएम कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने बताया है कि वर्ष 2012 में उसका निकाह भूड़ क्षेत्र निवासी मोहसिन से हुआ था। उसके दो पुत्र हुए। पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2015 में जुए में पति उसे व दोनों बेटों को हार गया। इसके बाद जुए में जीता व्यक्ति अलीगढ़ निवासी इमरान तीन बदमाशों को साथ लेकर उसके घर आया और जबरदस्ती उसे व उसके दोनों बेटों को साथ ले जाने लगा। आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव किया लेकिन आरोपितों के दबाव में आने के कारण उसे जीते हुए जुआरी को एक बेटा देना पड़ा। पीड़िता ने बताया कि इस घटना के बाद उसने पति मोहसिन को तलाक दे दिया और चंदौड़ निवासी एक व्यक्ति से दूसरा निकाह कर लिया। उसने पुलिस से आरोपित जुआरी से बेटा दिलाने के लिए शिकायती पत्र दिया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने मोहसिन, इमरान व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी