कोर्ट मैरिज के बाद महिला की हत्या

बिजनौर जेएनएन। गांव चुड़ियाखेड़ा के निकट सड़क किनारे एक महिला का रक्तरंजित शव पड़ा ि

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Jul 2020 10:12 PM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 06:06 AM (IST)
कोर्ट मैरिज के बाद महिला की हत्या
कोर्ट मैरिज के बाद महिला की हत्या

बिजनौर, जेएनएन। गांव चुड़ियाखेड़ा के निकट सड़क किनारे एक महिला का रक्तरंजित शव पड़ा मिला है। उसके सिर पर भारी चीज से प्रहार किया गया है। गले पर भी निशान हैं। स्वजनों ने पति पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपित के पिता को हिरासत में लिया है।

शव की सूचना पर सीओ कुलदीप गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक राजेश सोलंकी मौके पर पहुंचे। मृतका ने टीशर्ट और जींस पहन रखी थी। शिनाख्त नहीं होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर उसकी शिनाख्त गांव लक्ष्मी धरपुर निवासी राधिका पुत्री लाल सिंह के रूप में हुई।

थाने पहुंचे स्वजनों ने पुलिस को बताया कि राधिका एक साल पूर्व शहर कोतवाली थानाक्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी मनोज पुत्र धर्मपाल के संपर्क में आई थी। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। करीब छह माह से वह मनोज के साथ बिजनौर में किराये पर कमरा लेकर रह रही थी। मनोज आर्मी में है और 10 दिन पूर्व ही ड्यूटी पर गया है। पुलिस ने मनोज के पिता धर्मपाल को हिरासत में लिया है।

युवती के पिता लाल सिंह का आरोप है कि मनोज ने दहेज की रकम नहीं मिलने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी। सीओ सिटी ने बताया कि लाल सिंह की तहरीर पर पति मनोज के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पति के अलावा अन्य पर भी शक

राधिका और मनोज अलग-अलग बिरादरी से हैं। मनोज की सेना में नौकरी लगने पर वह राधिका से शादी करने से इन्कार करने लगा था। इस पर राधिका ने शहर कोतवाली में मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद कोर्ट मैरिज करके दोनों साथ रहने लगे, लेकिन मनोज और राधिका में मनमुटाव बढ़ता गया। फिर से समझौते की बात चल रही थी। दोनों के अलग-अलग रहने पर बातचीत की जा रही थी। इसी बीच राधिका की हत्या हो गई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के लिए बदमाश हायर किए गए हैं। परिवार के कुछ और लोग भी वारदात में शामिल हो सकते हैं। जांच जारी है।

chat bot
आपका साथी