अपने नेताओं पर नहीं रहा भरोसा, बागियों के सहारे चुनावी नैया पार लगाने की कोशिश में कांग्रेस

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 कैंट से टिकट न मिलने से नाराज हाजी इस्लाम बब्बू ने सपा ज्वाइन की थी। वहां भी टिकट न मिलने पर वह वापस कांग्रेस में शामिल हुए और उन्हें भी पार्टी ने कैंट से टिकट दिया है।

By Vivek BajpaiEdited By: Publish:Fri, 28 Jan 2022 05:30 PM (IST) Updated:Fri, 28 Jan 2022 05:30 PM (IST)
अपने नेताओं पर नहीं रहा भरोसा, बागियों के सहारे चुनावी नैया पार लगाने की कोशिश में कांग्रेस
UP Vidhan Sabha Election 2022: बागियों के सहारे कांग्रेस

बरेली, जेएनएन। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिले की सभी नौ विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी उतार दिए हैं। राष्ट्रीय स्तर की पार्टी ने इस बार विधानसभा चुनाव में अपने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से ज्यादा बागियों पर दांव खेला है। नौ विधानसभा सीटो में तीन में महिला प्रत्याशी उतारे हैं। तीनों ही महिला प्रत्याशी दूसरे दलों की है। जिन्हें पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। बिथरी चैनपुर से भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता लेने वाली अलका सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है। इसी प्रकार नवाबगंज में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाली ऊषा गंगवार तो बहेड़ी से संतोष भारती को टिकट दिया है। इसी प्रकार फरीदपुर विधानसभा से पूर्व विधायक सियाराम सागर के बेटे विशाल सागर को प्रत्याशी बनाया है। विशाल सपा में टिकट न मिलने से नाराज होकर कांग्रेस में शामिल हो गए और पार्टी ने उन्हें फरीदपुर से टिकट दिया है। ठीक इसी प्रकार हाल में ही कैंट से टिकट न मिलने से नाराज हाजी इस्लाम बब्बू ने सपा ज्वाइन की थी। वहां भी टिकट न मिलने पर वह वापस कांग्रेस में शामिल हुए और उन्हें भी पार्टी ने कैंट से टिकट दिया है। माना जा रहा है कि बागियों के सहारे ही इस बार कांग्रेस अपनी लाज बचाने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि कांग्रेस ने बरेली शहर से कृष्णकांत शर्मा, बरेली कैंट से हाजी इस्लाम बब्बू, बिथरी चैनपुर से अलका सिंह, भोजीपुरा से सरदार खान, फरीदपुर से विशाल सागर, बहेड़ी से संतोष भारती, मीरगंज से इलियास अंसारी, नवाबगंज से ऊषा गंगवार, आंवला से ओमवीर यादव को टिकट दिया है। सरदार खां भी 2007 में आइएमसी की टिकट से भोजीपुरा से चुनाव लड़े थे। उस समय उन्हें तकरीबन 14 हजार वोट मिले थे।

चार प्रत्याशियों ने दाखिल किए खर्चे: जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि गुरुवार को भोजीपुरा विधानसभा से सरदार खा, बिथरी चैनपुर विधानसभा से अलका सिंह, मीरगंज विधानसभा से इलियास अंसारी, नवाबगंज विधानसभा ऊषा गंगवार ने अपने पर्चे दाखिल किए। जबकि शेष लोग शुक्रवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे।

बागी नहीं जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले बनाए प्रत्याशी: जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में संघर्षशील, समाजसेवी, युवा पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और कहीं ना कहीं किसी रूप में जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे लोगों को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस पार्टी जनता से सीधे जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। कहा कि निश्चित रूप से जिस तरह से प्रदेश की जनता का समर्थन पार्टी को मिल रहा है प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है। वार्ता के दौरान सभी प्रत्याशी व प्रदेश प्रवक्ता केबी त्रिपाठी, राज शर्मा. दिनेश दद्दा, मेहंदी हसन, जिया उर रहमान आदि रहे।

महानगर अध्यक्ष ने प्रत्याशियों का किया स्वागत: महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान पार्टी द्वारा घोषित किए गए उम्मीदवारों का स्वागत करते हुए पूरे तन, मन से सभी को चुनाव लड़ाने की बात कही। कहा कि पार्टी सभी विधानसभा में अच्छा चुनाव लड़ेगी। जिसका परिणाम 10 मार्च को सबके सामने होगा। बैठक में विजय मौर्य, योगेश जौहरी, इमराना हुसैन, डा. सरवत हाजमी, मुकेश बाल्मीकि, अनिल देव शर्मा,अब्दुल अल्वी, तवरेज,पंकज शर्मा आदि रहे।

chat bot
आपका साथी