महाशिवरात्रि पर जिला जेल में शिव-पार्वती विवाह का हुआ मंचन, निकाली गई शोभायात्रा

महाशिवरात्रि पर गुरुवार को जिला जेल में शिव-पार्वती विवाह का मंचन हुआ। बंदियों द्वारा शिव-पार्वती विवाह के मंचन की जेल में आभा ऐसी बिखरी की माहौल शिवमय हो गया। हर शख्स शिव की महिमा में लीन नजर आया। 35 बंदियों द्वारा मंचन किया गया।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Fri, 12 Mar 2021 06:41 AM (IST) Updated:Fri, 12 Mar 2021 06:41 AM (IST)
महाशिवरात्रि पर जिला जेल में शिव-पार्वती विवाह का हुआ मंचन, निकाली गई शोभायात्रा
महाशिवरात्रि पर गुरुवार को जिला जेल में शिव-पार्वती विवाह का मंचन हुआ।

 बरेली, जेएनएन।  महाशिवरात्रि के मौके पर गुरुवार को जिला जेल में शिव-पार्वती विवाह का मंचन हुआ। बंदियों द्वारा शिव-पार्वती विवाह के मंचन की जेल में आभा ऐसी बिखरी की माहौल शिवमय हो गया। हर शख्स शिव की महिमा में लीन नजर आया। 35 बंदियों द्वारा मंचन किया गया। जिला जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि शिव-पार्वती विवाह के मंचन के लिए बंदी बीते तीन दिन से रिहर्सल कर रहे थे। पूरी टीम ने मिलकर खुद तैयारी की। बाहर रहते हुए यह बंदी शिव-पार्वती विवाह व रामलीला का मंचन करते रहे हैं।

निकाली गई शोभाय़ात्रा

महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भगवान शिव की भव्य शोभायात्रा शहर में निकाली गई। जिसमें आकर्षक झांकियां सभी को अपनी ओर लुभा रही थी। साथ में चल रहे ढोल-ताशे और बैंड-बाजे का मधुर संगीत कानों में भक्ति रस घोल रहा था। स्वागत में सड़कों के किनारे खड़े भक्त भोलेनाथ की शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे चाहवाई से शानदार झांकियों और नृत्य मंडली के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। चारों ओर भोले के जयघोष से नाथनगरी गुंजायमान होती रही। रास्ते भर लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया तो कई स्थानों पर शिव बारात में शामिल भक्तों को जलपान भी कराया गया। जगह-जगह ठंडाई का प्रसाद भी वितरित किया गया। शोभयात्रा चाहवाई से शुरू होकर गुद्दड़बाग, बानखाना, गौरीशंकर मंदिर, अलखनाथ रोड, नीम की चढ़ाई, बड़ा बाजार, कुतबखाना, चौराहा, आलमगीरी गंज, साहू गोपीनाथ कालेज, कालीबाड़ी, कोतवाली भ्रमण करते हुए देर रात चाहवाई में ही संपन्न हुई। कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप कुमार कौशिक ने बताया कि यह आयोजन पिछले 54 वर्ष से निरंतर हो रहा है। शिव शक्ति प्रदोष महामंडल प्रबंध समिति के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में सुरेश चंद्र शर्मा, राम निवास शर्मा, मनी सक्सेना, अखिलेश जौहरी, संजीव सक्सेना, शंकरलाल शर्मा, संजू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी