साक्षी प्रेम विवाह प्रकरण : 15 दिन बाद खुला अजितेश के घर का ताला Bareilly News

लोगों को इसकी भनक लगी तो साक्षी-अजितेश के बरेली आने की चर्चाएं शुरू हो गईं। अजितेश के घर के बाहर भीड़ जुटनी शुरू हो गईं।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Sat, 20 Jul 2019 11:23 AM (IST) Updated:Mon, 22 Jul 2019 10:05 AM (IST)
साक्षी प्रेम विवाह प्रकरण : 15 दिन बाद खुला अजितेश के घर का ताला Bareilly News
साक्षी प्रेम विवाह प्रकरण : 15 दिन बाद खुला अजितेश के घर का ताला Bareilly News

बरेली, जेएनएन : बिथरी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी के साथ तीन जुलाई को अजितेश घर से चला गया था। चार जुलाई को साक्षी और अजितेश ने शादी कर ली थी। इसके बाद अजितेश के परिवार वाले घर पर ताला डाल कर कही चले गए थे। 10 जुलाई को साक्षी का विधायक पिता से खुद की और अजितेश समेत उनके परिवार को जान का खतरा जताते हुए वीडियो वायरल हुआ तो मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसके बाद अजितेश के वीरसावरक नगर स्थित बंद पड़े मकान पर पुलिस तैनात कर दी गई थी। करीब 15 दिन के बाद शुक्रवार दोपहर को अजितेश के घर का ताला खुला।

लोगों को इसकी भनक लगी तो साक्षी-अजितेश के बरेली आने की चर्चाएं शुरू हो गईं। अजितेश के घर के बाहर भीड़ जुटनी शुरू हो गईं। बाद में पता चला कि अजितेश के दादा-दादी आए हैं। माना जा रहा है क‍ि वह महज एक-दो घंटे ही घर पर रुके। उन्होंने घर में रखा कीमती व अन्य जरूरी सामान बैग में पैक किया। इसके बाद वे वहां से चले गए। इसके अलावा देर शाम अजितेश के मामा-मामी के भी घर आने की चर्चा थी। इस दौरान घर पर तैनात पुलिस फोर्स पूरी तरह मुस्तैद रहा।

फिलहाल बरेली नहीं आएंगे साक्षी-अजितेश : हरीश

साक्षी और अजितेश फिलहाल बरेली नहीं आएंगे। अजितेश के पिता हरीश कुमार ने फोन पर बताया कि यहां का माहौल ठीक नहीं है। जिस कारण अभी बरेली आने का कोई विचार नहीं है। अजितेश और साक्षी अभी दिल्ली में ही हैं। अजितेश ने जो किया गलत किया लेकिन अब बात इतनी आगे बढ़ गई है कि उनके हाथ में कुछ नहीं रह गया।

हरीश ने यह भी बताया कि उन्हें इस रिश्ते की भनक तक नहीं थी। चूंकि, अब दोनों ने शादी कर ली है लिहाजा इस रिश्ते को स्वीकार करना ही बेहतर है। शादी के बाद पूरा परिवार दहशत में हैं। अजितेश और साक्षी के साथ हरीश भी अभी दिल्ली में हैं। यहां उन्हें बरेली पुलिस के साथ ही दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा मुहैया कराई हुई है। दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें एक फ्लैट में रखा हुआ है। हरीश ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से उनके मोबाइल भी पुलिस कर्मियों पर रहते हैं। यही कारण था कि कई नंबर उन्होंने बंद कर रखे थे।

साक्षी का कोई ट्विटर हैंडल नहीं

अजितेश के पिता हरीश कुमार ने फोन पर बताया कि साक्षी का कोई ट्विटर हैंडल नहीं है। किसी ने उनकी फोटो लगाकर फर्जी हैंडल बनाया लिया है। जिस पर लोग कमेंटबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत पुलिस से की जाएगी। बकौल हरीश, साक्षी का साफ कहना है कि उसने कभी ट्विटर पर हैंडल बनाया ही नहीं।

क्या है पूरा मामला

बिथरी विधायक की बेटी साक्षी तीन जुलाई को घर छोड़कर चली गई थी। चार जुलाई को उन्होंने अनुसूचित जाति के अजितेश से शादी कर ली थी। 10 जुलाई को साक्षी का पहला वीडियो वायरल हुआ। जिसमें उन्होंने अजितेश से शादी करने, दोनों की जान को खतरा होने की बात कही। 11 जुलाई को साक्षी ने दूसरा वीडियो वायरल किया। इसमें उन्होंने पापा विधायक राजेश मिश्रा, भाई विक्की भरतौल और विधायक के करीबी राजीव राणा से उनकी जान को खतरा बताया। वीडियो वायरल होने के बाद देश भर में सुर्खियां बन गया।

पड़ोसियों से भी नहीं मिले अजितेश के दादा-दादी

बिथरी विधायक राजेश मिश्र उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी से प्रेम विवाह करने वाले अजितेश के घर में दो दिनों से हलचल है। अजितेश के दादा-दादी वहां पहुंचे। घर के अंदर गए और उसके बाद दरवाजा नहीं खोला। पड़ोसियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की मगर कोई बाहर नहीं निकला।

तीन जुलाई को वीर सावरकर नगर निवासी अजितेश व आशियाना कॉलोनी में रहने वाली विधायक की बेटी साक्षी मिश्र घर छोड़कर चली गईं थीं। अगले ही दिन दोनों ने प्रयागराज पहुंचकर मंदिर में शादी कर ली थी। दोनों के जाने के बाद से ही अजितेश के घर वाले भी यहां से चले गए थे। अब जाकर उनके दादा मोहन लाल व दादी सुशीला देवी घर पहुंचे हैं। शनिवार को पूरे दिन बाहर नहीं निकले। बताया जाता है कि अजितेश के बुआ का बेटा व चाचा भी अंदर ही हैं। वे किसी से बात नहीं कर रहे। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी यह बताने को तैयार नहीं कि अंदर कौन-कौन हैं। पुलिसकर्मियों ने किसी मुहल्ले वाले को भी अंदर नहीं जाने दिया। कह दिया कि अजितेश के परिवार वाले किसी से मिलना नहीं चाहते। दूसरी ओर बैंक प्रबंधक हरीश चूंकि लगातार बेटे अजितेश के साथ हैं इसलिए वह अवकाश पर चल रहे।

सड़क पर पड़ा है सन्नाटा

अजितेश व साक्षी ने शादी के बाद एक वीडियो जारी कर खुद को विधायक से खतरा बताया था, इसलिए वे पुलिस सुरक्षा में दिल्ली हैं। वीर सावरकर नगर में उनके घर के आसपास दिन भर सन्नाटा पसरा रहता है। ज्यादा चहल पहल नहीं है।

chat bot
आपका साथी