बरेली में खुशियों के जले दीप और धूमधाम से मनी दीवाली

दीपों के उजाले से रोशन शहर और आतिशबाजी की सतरंगी रोशनी से जगमगाता आसमान।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 16 Nov 2020 02:15 AM (IST) Updated:Mon, 16 Nov 2020 02:15 AM (IST)
बरेली में खुशियों के जले दीप और धूमधाम से मनी दीवाली
बरेली में खुशियों के जले दीप और धूमधाम से मनी दीवाली

बरेली, जेएनएन : दीपों के उजाले से रोशन शहर और आतिशबाजी की सतरंगी रोशनी से जगमगाता आसमान। हर चेहरे पर उल्लास और उमंग का उजास। दीपावली पर शनिवार को हर ओर ऐसा दृश्य मन मोहता रहा। शहर में दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पॉश इलाकों से लेकर छोटी बस्तियों तक शहर का हर मुहल्ला रोशनी से सराबोर हो गया। लोगों ने अपने घरों में शुभ मुहुर्त पर लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया। अमावस की रात भी पूर्णिमा की तरह इठला उठी। शाम होते ही पूरा शहर दीयों और रंगबिरंगी झालरों की रोशनी से जगमग हो गया। लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं।

घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अलग-अलग मुहूर्त में महालक्ष्मी का आह्वान किया गया। पूजा की चौकी पर लक्ष्मी व गणेश की मूर्तियां विराजमान हुईं। वरूण के प्रतीक रूप में कलश की स्थापना हुई। रिद्धि और सिद्धि के प्रतीक के रूप में दो दीपक जलाए गए। विधि विधान पूर्वक पूजन करने वालों ने नवग्रह का भी आह्वान किया। महालक्ष्मी और गणेश को मिष्ठान, आभूषण समेत विविध पकवान भी अर्पित किए गए। पूजन के बाद इष्टदेवों के निमित दीपदान किए गए। इसके बाद घर से लेकर आंगन और मंदिरों को दीप से सजाया गया। हर ओर रौनक देखते ही बन रही थी। जिधर भी नजर उठी, बस रंगीन रोशनी में नहाई इमारतें नजर आई। शहर में जमकर आतिशबाजी भी हुई। दीपावली के बहाने कोविड के तनाव से बाहर आए लोग

बरेली को पटाखा प्रतिबंध से बाहर रखा गया। लोगों ने इसका फायदा उठाया और शाम से ही पटाखे चलाने लगे थे। धूम-धड़ाके साथ मनी दीपावली ने कोविड के तनाव से भी काफी हद तक लोगों को बाहर निकाल दिया। खुशियों का बाजार सजा था और शहर में हर तरफ खरीदार मौजूद थे। मंदिर सजे, गलियों-सड़कों पर भी उजाला

दीपोत्सव पर शहर के सभी मंदिरों को भी सजाया गया। इस बार लोगों ने चाइनीज झालरों का कम प्रयोग किया और देसी झालरों को ही तरजीह दी। घरों पर रोशनी के लिए मिट्टी के दीयों का भी भरपूर इस्तेमाल हुआ। दैनिक जागरण ने दीये जलाने और स्वदेशी को बढ़ावा देने के मकसद से सफल अभियान भी चलाया जिससे प्रभावित होकर शहर के लोगों ने अपने घरों को दीयों से सजाया। दीपावली पर गुलजार रहा बाजार

दीवाली के मौके पर रविवार को भी बाजार गुलजार रहा। मिठाई, दीयाली, और फूल-माला की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों पर अत्याधिक भीड़ रही। महालक्ष्मी की पूजा के लिए कमल गट्टा, शरीफा व कमल पुष्प की खूब बिक्री हुई। गेंदा और गुलाब के फूल महंगे बिके।

chat bot
आपका साथी