भाजपा विधायक पप्पू भरतौल समेत सैकड़ों पर मुकदमा

हाईवे जाम के आगे बेबस दिखी पुलिस शनिवार को एकदम बदले की भावना से उतरी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 23 Sep 2018 05:35 PM (IST)
भाजपा विधायक पप्पू भरतौल समेत सैकड़ों पर मुकदमा
भाजपा विधायक पप्पू भरतौल समेत सैकड़ों पर मुकदमा

जागरण संवाददाता, बरेली : मुहर्रम पर शुक्रवार को दिन भर हंगामा, विरोध, बवाल, हाईवे जाम के आगे बेबस दिखी पुलिस शनिवार को एकदम बदले की भावना से उतरी। दोपहर तक ही एक दो नहीं, ताबड़तोड़ पांच मुकदमे दर्ज किए। जनता तो छोड़िए बिथरी से भाजपा विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल व उनके बेटे विक्की मिश्रा को भी नामजद किया है। उनके खिलाफ असलहा लहराने, भड़काऊ भाषण देने, पुलिस पर हमलावर होने और सरकारी कार्य बाधा डालने समेत अन्य गंभीर आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की है। सभी पांचों मुकदमे पुलिस की तरफ से दर्ज किए गए हैं, जिनमें तीन बिथरी चैनपुर और दो कैंट थाने में हैं।

मुहर्रम पर शुक्रवार को दोपहर से लेकर देर रात तक चले बवाल में आखिरकार बिथरी विधायक पप्पू भरतौल मुकदमे की चपेट में आ ही गए। वो भी एक नहीं, बल्कि दो मुकदमों में। इनमें एक मुकदमा कैंट थाने के इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह की तरफ से दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि शुक्रवार को हरुनगला के नन्हें शाह अनुमति प्राप्त करके ताजिये का जुलूस निकाल रहे थे। जुलूस विधायक पप्पू भरतौल के कार्यालय के पास से पहुंचा। तभी विधायक, उनके पुत्र विक्की भरतौल, ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ चुके गौरव सिंह अरमान, विजय यादव, विनोद दिवाकर व 20-25 अन्य लोगों ने जुलूस को रोक दिया। ताजिये के आगे कारें लगा दी व असलहा निकाल लिए। विधायक पुलिस पर हमलावर हो गए। नन्हे शाह को धमकी देकर जुलूस को निकलने से रोक दिया। इसका मुकदमा कैंट थाने में दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा बिथरी थाने में हल्का इंचार्ज ब्रजपाल सिंह की तरफ से दर्ज कराया गया है। इसमें पुलिस ने विधायक पप्पू भरतौल समेत 33 लोगों को नामजद किया है जबकि 100-150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दारोगा ब्रजपाल ने बताया कि वह पुलिस फोर्स के साथ खजुरिया गांव में गश्त कर रहे थे। तभी विधायक पप्पू भरतौल के दूसरे समुदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने लगे। वहीं, उनके समर्थकों ने दूसरे धर्म के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहगीरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। 16 गिरफ्तार, 19 के खिलाफ मुकदमा

खजुरिया में शुक्रवार को ताजिया का रास्ता रोकने पर पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 16 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस पर हमला करने पर चार सौ पर मुकदमा

खजुरिया व उमरिया बार्डर पर शुक्रवार देर रात लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया। पुलिस पर पथराव करते हुए सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान एक दारोगा घायल हो गया। मामले में पुलिस ने चार सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हाईवे जाम करने वाले ताजियेदारों पर भी मुकदमा

पांचवां मुकदमा कैंट थाने में इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह की तरफ से दर्ज किया गया है। मुकदमा करीब नौ सौ लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ है। इसमें ज्यादातर ताजियेदार हैं।

chat bot
आपका साथी