Ambulance Strike News : बरेली में यूनियन नेता ने एंबुलेंसकर्मियों काे दी जान से मारने की धमकी, एंबुलेंस चालकाे ने लगाया आरोप
Ambulance Strike News ठेका प्रथा बंद कर एनआरएचएम में भर्ती करने वेतन विसंगतियां दूर करने समेत कई मांगों को लेकर एंबुलेंस एसोसिएशन प्रदेश स्तर पर कई दिन से प्रदर्शन कर रहीं थीं। हालांकि शासन के कड़े रुख पर गुरुवार को कुछ जगह पुलिस-प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया।
बरेली, जेएनएन। Ambulance Strike News : ठेका प्रथा बंद कर एनआरएचएम में भर्ती करने, वेतन विसंगतियां दूर करने समेत कई मांगों को लेकर एंबुलेंस एसोसिएशन प्रदेश स्तर पर कई दिन से प्रदर्शन कर रहीं थीं। हालांकि शासन के कड़े रुख पर गुरुवार को कुछ जगह पुलिस-प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया। इसके बाद प्रदेश भर में कई एंबुलेंस कर्मी हड़ताल छोड़कर वापस आ गए। गुरुवार को जिले में भी 102 व 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी समर श्रीवास्तव ने गुरुवार को एंबुलेंस चालकों को फोन कर ड्यूटी पर आने को कहा। आरोप है कि इस पर यूनियन नेता अनिल गंगवार, सुनील लोधी और दिनेश मौर्या ने उसे मारने की धमकी दी। मामले में जिला प्रभारी ने कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
एंबुलेंस संगठन के पदाधिकारियों को थाने में बैठाया
बिथरी चैनपुर में 108 व 102 के एंबुलेंस कर्मी स्ट्राइक पर हैं। जिससे मरीजों को दिक्कत हो रही है। एसएसपी के आदेश पर गुरुवार को इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्यागी ने सभी एंबुलेंस कर्मियों को थाने में बैठा लिया। काफी देर बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा मयंक मिश्रा थाना पहुंचे। उनके समझाने पर एंबुलेंस कर्मचारियों ने लिखित में देकर हड़ताल समाप्त कर दी। सभी काम पर लौट आए। एंबुलेंस संचालन शुरू कर दिया, लेकिन बाद में संगठन के चार पदाधिकारी अनिल गंगवार, दिनेश मौर्य, सुनील राजपूत व अखिलेश को फिर थाना बुला लिया गया।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष अनिल गंगवार ने बताया कि हमारी मांगें जायज हैं, जिनको पूरा नहीं किया जा रहा है। फिर भी हम लोगों ने जनमानस का ध्यान रखते हुए ड्यूटी शुरू कर दी है, लेकिन फिर भी हम चार लोगों को दोबारा बुलाकर थाने में बैठा लिया गया। फिलहाल, देर शाम तक उन्हें छोड़ा नहीं गया था। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया उच्च अधिकारियों के आदेश पर चारों को थाने में बैठाया है। उन्हीं के आदेश पर छोड़ा जाएगा।