नहीं हो रही गेहूं की उठान, किसान परेशान

चिलकहर ब्लॉक के क्रय केंद्र बर्रेबोझ पर गोदाम भरने से

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 06:06 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 06:06 PM (IST)
नहीं हो रही गेहूं की उठान, किसान परेशान
नहीं हो रही गेहूं की उठान, किसान परेशान

जागरण संवाददाता, इंदरपुर (बलिया) : चिलकहर ब्लॉक के क्रय केंद्र बर्रेबोझ पर गोदाम भरने से गेहूं की खरीद की रफ्तार धीमी हो गई है। दो-तीन दिन से गोदाम भरने के कारण दिक्कत आ रही है। कई किसानों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। वहीं बिचौलियों की सक्रियता बढ़ गई है। वे किसानों से औने-पौने दामों में गेहूं खरीद रहे हैं। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

खरीद नहीं होने से छोटे किसान अपनी मेहनत की कमाई का पूरा लाभ नहीं पा रहे हैं। वे बिचौलियों के जाल में फंसने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं बड़े किसान घर पर गेहूं रखकर खरीद का इंतजार कर रहे हैं। इस केंद्र पर दस ग्राम सभाओं के सैकड़ों किसान पंजीकृत हैं। 22 अप्रैल से अब तक 21 किसानो से 1237 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। संचालक श्रीकांत सिंह का कहना है कि गोदाम भर गया है। जनपद मुख्यालय पर सूचना दे दी गई है। पंजीकृत किसानों का गेहूं लिया जा रहा है। गोदाम में जगह नहीं होने के कारण कुछ किसानों को लौटाना पड़ रहा है। लालगंज में नहीं खुला क्रय केंद्र का ताला

दोकटी : लालगंज (चांदपुर) में स्थापित गेहूं क्रय केंद्र का ताला अब तक नहीं खुल सका है। इससे किसानों की उपज को लेकर संकट पैदा हो गया है। यहां लगभग150 किसानों ने पंजीकरण कराया है। किसान राकेश कुमार ने बताया कि रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी हम लोगों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है। शासन के सख्त निर्देश के बाद भी क्रय केंद्र पर कार्य आरंभ नहीं हो सका है। उपजिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार नायक ने बताया कि गोदाम का इंचार्ज कोरोना पाजिटिव हो गया था। केंद्र बंद चल रहा था। जल्द ही केंद्र पर खरीद शुरू कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी